बिग ब्रेकिंग : चुनावी रंजिश ने लिया खूनी रूप, मंगलौर में धारदार हथियारों से हमला, 3 घायल, एक की हालत गंभीर

चुनावी रंजिश ने लिया खूनी रूप, मंगलौर में धारदार हथियारों से हमला, 3 घायल, एक की हालत गंभीर

रुड़की : हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत घोसीपुरा गांव में पुरानी चुनावी रंजिश एक बार फिर हिंसा में तब्दील हो गई। दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में धारदार हथियार चले, जिससे गांव की गलियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

इस हिंसक झड़प में एक ही पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि धारदार हथियार निकल आए और हमला शुरू हो गया। हमले में तीन लोग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और एसएसआई रफत अली पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी में डालकर रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस मानवीय पहल को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस की जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते न पहुंचती, तो हालात और भी भयावह हो सकते थे।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया,

“इस मारपीट में एक ही पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।