बड़ी खबर: बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने गई टीम पर हमला, जेई समेत चार घायल

बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने गई टीम पर हमला, जेई समेत चार घायल

देहरादून के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरियापीर में बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने गई बिजली विभाग की टीम पर मकान मालिक पक्ष द्वारा लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) समेत चार कर्मचारी घायल हो गए।

घटना 28 जनवरी दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बिंदाल सब-डिवीजन में तैनात जेई अमित रौछेला अपनी टीम के तीन अन्य कर्मचारियों के साथ पथरियापीर निवासी कालू के घर बिजली कनेक्शन काटने पहुंचे थे। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार उक्त कनेक्शन पर 9,730 रुपये का बिजली बिल बकाया था।

बताया गया कि जैसे ही टीम ने बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की, उसी दौरान घर में मौजूद तुषार नाम के व्यक्ति और कुछ अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से टीम पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने कर्मचारियों को घर के भीतर घसीटा और विभागीय मीटर व दस्तावेज छीनने का भी प्रयास किया।

हमले में जेई अमित रौछेला सहित अन्य कर्मचारियों को सिर और हाथ में चोटें आईं, जिसके बाद सभी को कोरोनेशन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में धारा चौकी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया। बाद में पुलिस ने कर्मचारियों को आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

इस संबंध में कोतवाली नगर प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया कि “बिजली विभाग के जेई अमित रौछेला की शिकायत प्राप्त कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”