शिक्षक संघ अध्यक्ष पर महिला शिक्षिका ने लगाए गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज
टिहरी गढ़वाल जिले में एक महिला शिक्षिका ने शिक्षक संघ के अध्यक्ष पर मानसिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग और अश्लील सामग्री भेजने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित शिक्षिका ने कोतवाली नई टिहरी में शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षिका के अनुसार, आरोपी शिक्षक संघ अध्यक्ष ने फोन कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील बातें कीं, शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया और कई बार पैसों की मांग भी की।
आरोप है कि उसे अश्लील फोटो और वीडियो भी भेजे गए, जिससे वह और उसका परिवार लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान और भयभीत है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों से उसका वेतन रोका गया है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है।
उसने बताया कि समस्या के समाधान के लिए वह कई बार उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा, उसका स्थानांतरण भी दूरस्थ विद्यालय में कर दिया गया है।
महिला शिक्षिका का कहना है कि उसने 29 वर्षों तक दुर्गम क्षेत्रों में सेवा दी है और बीते एक साल से वह अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही है।
इस मामले में टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आयुष अग्रवाल ने बताया कि कोतवाली नई टिहरी में एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत महिला अध्यापिका की तहरीर प्राप्त हुई थी।
तहरीर में शिक्षक संघ के अध्यक्ष पर अश्लील संदेश भेजने, अवैध मांग करने और बार-बार कॉल कर परेशान करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
एसएसपी के अनुसार, आरोपों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच एक महिला उपनिरीक्षक द्वारा की जा रही है और जो भी तथ्य व साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



