बड़ी खबर: गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में उत्तराखंड के 9 लोगों की मौत, एक ही परिवार के चार सदस्य झुलसे

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड में उत्तराखंड के 9 लोगों की मौत, एक ही परिवार के चार सदस्य झुलसे

देहरादून। गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने उत्तराखंड के पूरे प्रदेश को दहला दिया। हादसे में उत्तराखंड के 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में अल्मोड़ा-बागेश्वर के एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं, जबकि एक महिला किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रही।

छुट्टी मनाने गए परिवार पर टूटा कहर

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के बगवालीपोखर क्षेत्र के रहने वाले विनोद कबड़वाल अपनी पत्नी भावना, भाभी कमला कबड़वाल और साली अनीता जोशी व सरोज जोशी के साथ छुट्टियां मनाने गोवा गए थे। शनिवार रात सभी लोग एक नाइट क्लब में मौजूद थे, तभी अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया।

इस हादसे में विनोद कबड़वाल, कमला कबड़वाल, अनीता जोशी और सरोज जोशी की मौत हो गई, जबकि भावना कबड़वाल घायल अवस्था में बाहर निकलने में कामयाब रहीं। वह गंभीर मानसिक सदमे में हैं और उनका उपचार जारी है।

चार बहनों में तीन की मौत

परिवार में गई चार बहनों––कमला, भावना, अनीता और सरोज––में से केवल भावना ही बच पाईं। बाकी तीन बहनें आग की चपेट में आकर जिंदगी हार गईं। स्थानीय लोगों ने इस घटना को पूरे क्षेत्र के लिए “असीमित दुख” बताया है।

टिहरी के दो युवकों की भी मौत

हादसे में टिहरी गढ़वाल के जितेंद्र और सतीश की भी मौत हुई है। इन दोनों समेत इस अग्निकांड में उत्तराखंड के कुल 9 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

दिल्ली में हो रहा अंतिम संस्कार

द्वाराहाट के एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह कबड़वाल परिवार से मिलने पहुंचे। मृतकों के परिजन ललित और कपिल कबड़वाल दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां सभी का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

विनोद कबड़वाल दिल्ली में एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। उनके परिचित और गांव के लोग लगातार दिल्ली और गोवा में मौजूद रिश्तेदारों से संपर्क बनाए हुए हैं।

निष्पक्ष जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने गोवा प्रशासन से अग्निकांड की निष्पक्ष जांच कर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सच्चाई सामने आने से ऐसी त्रासदियों को रोकने में मदद मिलेगी।

सीएम धामी ने की मदद की अपील

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवा सरकार से आग्रह किया है कि जिन भी मृतकों या घायलों की पहचान उत्तराखंड निवासी के रूप में हो, उनके परिजनों से तुरंत संपर्क स्थापित किया जाए और आवश्यक सहायता मुहैया कराई जाए।

गोवा के मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि सभी प्रभावितों को चिकित्सा और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।