बड़ी खबर: देहरादून में रोडरेज हंगामा! पूर्व मुख्य सचिव के बेटे की पिटाई, पूर्व विधायक चैंपियन के बेटे और गनर पर केस

देहरादून में रोडरेज हंगामा! पूर्व मुख्य सचिव के बेटे की पिटाई, पूर्व विधायक चैंपियन के बेटे और गनर पर केस

देहरादून। पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशोवर्धन से मारपीट के सनसनीखेज मामले में राजपुर थाना पुलिस ने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह और उनके साथ तैनात उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल (गनर) राजेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है।

तहरीर के अनुसार, मंगलवार शाम आर. यशोवर्धन दिलाराम चौक से साईं मंदिर की ओर जा रहे थे। पैसेफिक मॉल के पास पीछे आ रही कार ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन जगह कम होने के कारण वे साइड नहीं दे पाए। मसूरी डायवर्जन पहुँचते ही एक सफेद लैंड क्रूजर और बोलेरो ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।

इसके बाद लैंड क्रूजर से उतरकर एक युवक और उसके साथ एक पुलिस गनर ने यशोवर्धन को कार से खींचकर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि गनर राजेश सिंह ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूँसों से हमला किया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक आरोपी ने यशोवर्धन के चालक को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, गनर ने यशोवर्धन की शर्ट पर लगे राष्ट्रीय ध्वज के प्रतीक पर भी लात मारी और दोनों मौके से फरार हो गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों की पहचान दिव्य प्रताप सिंह और कांस्टेबल राजेश सिंह के रूप में हो गई है। हरिद्वार जनपद को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया, जिसके बाद आरोपी गनर को निलंबित कर दिया गया है। मामला गंभीरता से जांच के अधीन है।