बड़ी खबर: मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, 14.20 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं, 14.20 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर उत्तरकाशी के धराली में हाल ही में आई आपदा पर संवेदना व्यक्त करते हुए राहत-बचाव में जुटे सेना, ITBP, NDRF, SDRF और राज्यकर्मियों का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 50 लाख रुपये और परमवीर चक्र विजेताओं की राशि को 1.5 करोड़ रुपये कर चुकी है। अग्निवीरों को 10% क्षैतिज आरक्षण देने की नीति बनाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है और वर्तमान में 2 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं जारी हैं। सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के तहत यमुना तीर्थ स्थल, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर कार्य हो रहा है।

उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं और 81 हजार से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण रोकथाम कानून को और सख्त करने, 7 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, सख्त भू-कानून लागू करने, देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लाने और 24 हजार से अधिक सरकारी भर्तियां कराने का उल्लेख किया।

महिला सशक्तिकरण योजनाओं, मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, लखपति दीदी योजना और 5 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33% आरक्षण दिया गया है।

14.20 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने 14.20 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी।

  • इसमें गढ़वाल व कुमाऊं के नलकूपों पर सर्वे वोल्टेज स्टैबिलाइजर हेतु ₹1.63 करोड़।
  • पिथौरागढ़ नगर के कुमोर वार्ड में सीवर लाइन विस्तार हेतु ₹2.77 करोड़, बजेटी वार्ड में ₹2.90 करोड़, विवेकानंद कॉलोनी व खारकोट वार्ड में ₹2.91 करोड़।
  • पौड़ी जनपद के बिलफेदार-गौरीकोट मोटर मार्ग के सुधारीकरण व पक्कीकरण हेतु ₹3.67 करोड़।
  • चम्पावत के लोहाघाट क्षेत्र में पचेश्वर के सेतु निर्माण हेतु ₹31.75 लाख।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत और आदर्श, प्रगतिशील उत्तराखंड निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।