आज प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी। पढ़ें…
Weather Update: उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की भविष्यवाणी सही साबित हुई, पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है। देहरादून, टिहरी, पौड़ी सहित प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 12 घंटे में बारिश रिकार्ड की गई। वहीं सबसे अधिक वर्षा पुरोला में 31 मिमी दर्ज हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के अधिकांश जनपदों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे।
वहीं, अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बरसात और ऊंची चोटियों में हिमपात के आसार हैं। वहीं सभी 13 जनपदों में कहीं-कहीं झक्कड़ हवाएं बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ विक्रम सिंह ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि आज 15 मार्च शनिवार को उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
वहीं देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर, नैनीताल और पौड़ी जिले में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झक्कड़ हवाओं के साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में गरज चमक के साथ हल्की बारिश और ऊंची चोटियों में बर्फबारी की संभावना है।
डॉ विक्रम सिंह ने बताया कि कल रविवार 16 मार्च को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहेगा। उन्होंने बताया प्रदेश के सभी जिलों में 15 और 16 मार्च के लिए येलो अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है।
तापमान की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30 डिग्री जबकि न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है वही, शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंतनगर का अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 22.4 और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। डिग्री का अधिकतम तापमान 20.8 और न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।