क्राइम रिपोर्ट: भालू का हमला, महिला की हत्या, साइबर ठगी का खुलासा समेत सात बड़ी खबरें, पढ़ें….

भालू का हमला, महिला की हत्या, साइबर ठगी का खुलासा समेत सात बड़ी खबरें, पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को अपराध, हादसों और वन्यजीवों के हमलों से जुड़ी कई घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी।

चमोली के पोखरी में भालू के हमले से बचने के दौरान चट्टान से गिरकर 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है। देहरादून में 72 वर्षीय महिला की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा करते हुए उसके परिचित कर्मचारी को गिरफ्तार किया।

वहीं, हरिद्वार पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह के फरार छठे आरोपी को गिरफ्तार कर 18 बैंक खाते उपलब्ध कराने का मामला उजागर किया।

चमोली के पोखरी विकासखंड की नेल ग्राम पंचायत के सिदेली तोक में भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। भालू से बचने के दौरान विमला देवी चट्टान से नीचे गिर गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने और आबादी वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी विनीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी और इसी विवाद के चलते उसने महिला पर हमला किया।

पकड़े जाने के डर से आरोपी ने महिला का मुंह दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने का कंगन और घटना के दौरान इस्तेमाल किया गया कड़ा बरामद किया है।

हरिद्वार में साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे छठे आरोपी सागर पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर 18 बैंक खाते साइबर ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार उसे इसके बदले कमीशन मिलता था। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल से व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी डिलीट किए थे, लेकिन तकनीकी जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले।

रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से 84 वर्षीय कामेश्वर प्रसाद त्यागी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हल्द्वानी में 17 वर्षीय किशोरी ने मेरठ निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए वर्ष 2024 में दोनों की दोस्ती हुई थी।

आरोप है कि युवक उसे नैनीताल और हल्द्वानी के अलग-अलग होटलों में ले गया। बाद में उसने बातचीत बंद कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

इधर, हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे और रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है।

राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मुकदमा वापस लेने तथा शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

देहरादून के प्रेमनगर में भाजपा नेता नवीन कुमार पर हुए कथित हमले का मामला भी पुलिस कार्रवाई को लेकर सवालों में है। पीड़ित पक्ष के अनुसार हमले में नवीन कुमार के सिर में दो जगह फ्रैक्चर हुए हैं।

सुमित कुमार की ओर से 4 सितंबर को 12 लोगों के खिलाफ तहरीर दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर नवीन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है।

मामले में उपलब्ध सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।