बिग ब्रेकिंग: देहरादून में भारी बारिश का अलर्ट, 18 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून में भारी बारिश का अलर्ट, 18 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून। जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 18 अगस्त 2026 को देहरादून जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिला प्रशासन की ओर से 17 अगस्त को सुबह 9:45 बजे जारी आदेश में बताया गया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून और एनडीएमए के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त अद्यतन मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 18 अगस्त की मध्याह्न तक देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि खराब मौसम के कारण किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है।

ऐसे में आपदा न्यूनीकरण और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश

जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

यानी 18 अगस्त को देहरादून जिले में सभी सरकारी, निजी और गैर-सरकारी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।