बिग ब्रेकिंग: लाल पुल बस हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, डीएम ने एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी

लाल पुल बस हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, डीएम ने एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी

  • 23 जून को हुई दुर्घटना में युवक की हुई थी मौत, चार लोग घायल; एसडीएम सदर को सौंपी गई जांच

देहरादून। सहारनपुर रोड स्थित लाल पुल के निकट 23 जून को हुई नगर बस दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच होगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी (सदर) देहरादून को जांच अधिकारी नामित किया है और एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार 23 जून 2026 को सुबह करीब 11 बजे नगर बस (वाहन संख्या UK07PA-0287) लाल पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में राजीवनगर, पटेलनगर निवासी 22 वर्षीय आहद की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए थे। संबंधित वाहन सार्वजनिक सेवा श्रेणी की नगर बस है।

जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को दुर्घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष एवं गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।

जांच में दुर्घटना के कारण, चालक समेत बस में सवार यात्रियों की संख्या, मृतक और घायलों का वास्तविक विवरण, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति, मृतक के उत्तराधिकारियों की जानकारी, परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के कर एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन सहित भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझावों का भी परीक्षण किया जाएगा।

डीएम ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास दुर्घटना से संबंधित कोई साक्ष्य, दस्तावेज या जानकारी हो तो वह एक सप्ताह के भीतर उप जिलाधिकारी (सदर) कार्यालय अथवा न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर लिखित या मौखिक रूप से प्रस्तुत कर सकता है।