उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड में विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से शासन ने वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के तहत शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
शासन के आदेश के अनुसार माध्यमिक शिक्षा, प्रारंभिक शिक्षा और विद्यालयी शिक्षा परिषद समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
30 जुलाई को जारी आदेश के मुताबिक विनोद प्रसाद सेमल्टी को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं केएस रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) और अपर परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं गोविन्द राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इसी क्रम में रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल और लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दिए जाने से शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि इससे विभागीय समन्वय और मजबूत होगा तथा प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।


