एक बार फिर विवाद में फंसे पूर्व विधायक चैंपियन, थाने पहुंचा मामला
हरिद्वार। खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। लक्सर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने उन पर फोन पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर पुलिस को तहरीर दी गई है, हालांकि अभी तक किसी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी संजीव कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच कथित तौर पर सड़क पर गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था।
आरोप है कि इसके बाद चैंपियन की ओर से फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और गंभीर धमकियां दी गईं। इस बातचीत का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बातचीत के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए न केवल जान से मारने की धमकी दी गई, बल्कि परिवार की महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म कराने जैसी धमकी भी दी गई।
घटना के विरोध में भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंचे और चैंपियन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
दूसरी ओर, पूर्व विधायक के गनर संजय चौहान ने भी पुलिस को तहरीर देकर संजीव कुमार और चार अज्ञात लोगों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, चैंपियन की गाड़ी को टक्कर मारने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। गनर का कहना है कि घटना के दौरान पूर्व विधायक की सुरक्षा से समझौता करने की कोशिश की गई।
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रणव सिंह चैंपियन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फर्जी और एआई तकनीक से तैयार किया गया है।
उन्होंने दावा किया कि उनके राजनीतिक विरोधियों ने चुनावी माहौल को देखते हुए उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह वीडियो तैयार कराया है।
चैंपियन ने कहा कि उन्होंने कभी भी किसी के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं किया और हमेशा सभी का सम्मान किया है। उनके अनुसार, वास्तविक घटना में उनकी गाड़ी को टक्कर मारी गई थी, जिसकी शिकायत पहले ही पुलिस को दी जा चुकी है।
मामले पर एसपी शेखर चंद सयाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
सभी पहलुओं की पुष्टि के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


