बड़ी खबर: देवभूमि की सुरक्षा से समझौता नहीं, धमकी भरे ईमेलों पर सीएम धामी सख्त

देवभूमि की सुरक्षा से समझौता नहीं, धमकी भरे ईमेलों पर सीएम धामी सख्त

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी संस्थानों, नगर निकायों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को मिले धमकी भरे ईमेलों के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश की शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि 23 जून को राज्य के कई संस्थानों और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए थे, जिससे प्रशासनिक और सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया था। हालांकि व्यापक जांच और तलाशी अभियान के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने इन धमकियों को बेहद गंभीरता से लिया है। संबंधित एजेंसियों को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं और जो भी व्यक्ति या संगठन इन गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था को चुनौती देने या धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

पंजाबी भाषा में आए ईमेल, जांच के दायरे में कई पहलू

जानकारी के अनुसार मसूरी नगर पालिका, हरिद्वार नगर निगम समेत कई संस्थानों को प्राप्त कुछ धमकी भरे ईमेल पंजाबी भाषा में लिखे गए थे। इनमें हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख किया गया था। इसी कारण जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत, उद्देश्य और संभावित नेटवर्क की विभिन्न स्तरों पर जांच कर रही हैं।

धमकी मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियों और साइबर विशेषज्ञों को सक्रिय कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।

चारधाम और हेमकुंड यात्रा के मद्देनजर विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश-दुनिया के श्रद्धालुओं का स्वागत करने वाला राज्य है। चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु प्रदेश पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि उत्तराखंड की शांति, सुरक्षा और धार्मिक सौहार्द से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच एजेंसियां धमकी भरे ईमेलों की उत्पत्ति और इसके पीछे की साजिश का पता लगाने में जुटी हैं तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।