दो शहर, दो हादसे और दो मौतें। देहरादून में युवक और हरिद्वार में भाजपा कार्यकर्ता की मौत
देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को देहरादून और हरिद्वार में हुए दो अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देहरादून के ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर युवक की मौके पर मौत
देहरादून के ट्रांसपोर्ट नगर चौक पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर के बाद युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हरिद्वार में घर के बाहर गमलों में पानी दे रहे भाजपा कार्यकर्ता को कार ने कुचला
हरिद्वार के शिवालिकनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से भाजपा से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के सक्रिय सदस्य विकास गोयल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, विकास गोयल अपने घर के बाहर गमलों में पानी दे रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गार्डन की सुरक्षा तारबाड़ तोड़ते हुए सीधे उनके घर के सामने बने बगीचे में घुस गई और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार विकास गोयल को टक्कर मारने के बाद एक पेड़ से जाकर टकराई। हादसे के समय उनकी चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें देहरादून स्थित हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट रेफर किया गया, जहां बुधवार शाम उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, चालक फरार
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
विकास गोयल की पत्नी श्वेता गोयल की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन के पंजीकरण विवरण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
भाजपा नेताओं ने जताया शोक
विकास गोयल के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान समेत भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


