अगले 3 घंटे भारी! देहरादून समेत 5 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी
Weather Alert: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों (15 जून 2026, दोपहर 2:47 बजे से शाम 5:47 बजे तक) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, जनपद चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्रों में तेज़ मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
अलर्ट के तहत पुरोला, बड़कोट, चकराता, सोनप्रयाग, डोईवाला, मसूरी, लोहाघाट, बाराकोट और आसपास के इलाकों में बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम की ताज़ा जानकारी पर नज़र बनाए रखने की सलाह दी गई है।
सावधानी बरतें
- खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें।
- मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग खुले स्थानों पर करने से बचें।
- वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें।
- पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए यात्रा से पहले स्थानीय प्रशासन की सलाह अवश्य लें।


