बड़े हादसे: खाई के मुहाने पर थमी सांसें। फाटा में बस लटकी, मसूरी में कार गिरी

खाई के मुहाने पर थमी सांसें। फाटा में बस लटकी, मसूरी में कार गिरी

रुद्रप्रयाग/मसूरी। उत्तराखंड में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कुछ समय के लिए लोगों की सांसें थाम दीं। रुद्रप्रयाग जिले के फाटा क्षेत्र में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 22 श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई, जबकि मसूरी के बाला हिसार मार्ग पर एक कार 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

दोनों घटनाओं में बड़ा हादसा टल गया और समय रहते राहत एवं बचाव कार्य कर सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

रुद्रप्रयाग जिले के फाटा के समीप जामू क्षेत्र में सोमवार तड़के महाराष्ट्र के पुणे से आए 22 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ते हुए खाई की ओर लटक गई।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब चार बजे बस जामू स्थित एक होटल से केदारनाथ हाईवे की ओर रवाना हुई थी। जामू हेलीपैड के पास एक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

बस पैराफिट तोड़कर करीब 100 मीटर गहरी खाई की ओर झुक गई, लेकिन पैराफिट के पत्थरों में अटकने से बड़ा हादसा टल गया। बस के खाई की ओर झुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फाटा चौकी प्रभारी दिनेश सती ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

वहीं, मसूरी के बाला हिसार मार्ग पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन महिलाएं और एक पांच वर्षीय बच्चा घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पर्यटक फोटो खिंचवाने के बाद कार में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

दोनों हादसों ने एक बार फिर उत्तराखंड की पर्वतीय सड़कों पर सतर्कता, सुरक्षित ड्राइविंग और यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।