धामी-पांडे की मुलाकात से थमीं सियासी अटकलें, गूलरभोज से भाजपा एकजुटता का बड़ा संदेश
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच शनिवार को एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गदरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान गदरपुर विधायक अरविंद पांडे उनके साथ पूरे समय मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने न केवल कार्यक्रमों में एक साथ हिस्सा लिया, बल्कि वाटर स्पोर्ट्स का आनंद भी लिया और बाद में मुख्यमंत्री ने गूलरभोज स्थित अरविंद पांडे के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
मुख्यमंत्री के आवास पहुंचने पर विधायक अरविंद पांडे के परिवार ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। पांडे की पत्नी और बेटी ने तिलक लगाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
सियासी चर्चाओं के बीच मुलाकात के निकाले जा रहे मायने
पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विधायक अरविंद पांडे के संबंधों को लेकर राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही थीं। दोनों नेताओं के बीच मतभेद और दूरी की खबरें समय-समय पर सुर्खियां बनती रही थीं।
ऐसे माहौल में मुख्यमंत्री का स्वयं विधायक के घर पहुंचना और दोनों नेताओं का सार्वजनिक रूप से साथ दिखाई देना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, दोनों नेताओं के बीच हुई बंद कमरे की बातचीत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे भाजपा के भीतर बेहतर समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के संकेत के रूप में देख रहे हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भी इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरी की जाएं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से देश के प्रमुख वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
ऋषिकेश और टिहरी के साथ-साथ राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी वॉटर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
अरविंद पांडे ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
विधायक अरविंद पांडे ने भी मुख्यमंत्री के दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हरीपुरा बौर जलाशय उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स केंद्रों में शामिल है तथा यहां हाई स्पीड मोटरबोटिंग का अनुभव बेहद रोमांचकारी है। पांडे ने अपने परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत कर इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
भाजपा में एकजुटता का संदेश?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री धामी और अरविंद पांडे की यह मुलाकात केवल शिष्टाचार भेंट नहीं बल्कि भाजपा के भीतर एकजुटता का संदेश भी है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ पत्रों और विभिन्न राजनीतिक चर्चाओं के बाद दोनों नेताओं की यह सार्वजनिक नजदीकी कई अटकलों पर विराम लगाती दिखाई दे रही है।
फिलहाल इस मुलाकात ने उत्तराखंड की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक प्रभावों पर सभी की नजर बनी रहेगी।


