जमीन के नीचे छिपा था लकड़ी का जखीरा, वन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
रिपोर्ट- मयंक पंत
टनकपुर। चंपावत जिले के टनकपुर नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-03 में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में दबाकर रखी गई भारी मात्रा में लकड़ी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान अब तक 60 से अधिक लकड़ी के लट्ठे निकाले जा चुके हैं। इस बरामदगी के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को एक लकड़ी की टाल में अवैध रूप से लकड़ी छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान जब संदिग्ध स्थान पर खुदाई की गई तो जमीन के भीतर बड़ी मात्रा में लकड़ी दबाकर रखी मिली।
शुरुआत में वन विभाग के कर्मचारियों ने फावड़े, गैंती और सब्बल की मदद से खुदाई की, लेकिन लकड़ी की संख्या अधिक होने के कारण बाद में जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। खुदाई के दौरान लगातार लकड़ी के लट्ठे निकलने से मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
वन विभाग की इस कार्रवाई का संचालन नंधौर वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में किया गया। छकाता रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। बरामद की गई सभी लकड़ियों को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि लकड़ी कहां से लाई गई, उसे जमीन में दबाकर रखने के पीछे किसका हाथ है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। मामले में टाल संचालक के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।


