बिग ब्रेकिंग: रसोई गैस फिर महंगी! 3 महीने में दूसरी बार बढ़े LPG के दाम, आज से नई कीमतें लागू

रसोई गैस फिर महंगी! 3 महीने में दूसरी बार बढ़े LPG के दाम, आज से नई कीमतें लागू

नई दिल्ली। आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से देशभर में लागू हो गई हैं।

ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब एलपीजी की कीमतों में इजाफा किया गया है। इससे पहले 7 मार्च को तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की थी।

उस समय पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई अस्थिरता को इसकी प्रमुख वजह बताया गया था।

वैश्विक बाजार का असर, बढ़ी तेल कंपनियों की चुनौती
सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और आयात लागत बढ़ने से एलपीजी पर दबाव लगातार बना हुआ है। इसी कारण कीमतों में संशोधन करना पड़ा है।

सरकार बोली- पर्याप्त है LPG की उपलब्धता

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने हाल ही में आयोजित एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में कहा कि सरकार देश में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसके तहत घरेलू उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ आवश्यक आयात भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर अभी भी लागत और बिक्री मूल्य के बीच करीब 700 रुपये की ‘अंडर-रिकवरी’ बनी हुई है, जिसका भार तेल कंपनियां वहन कर रही हैं।

LPG की मांग में कमी के ये हैं कारण

मंत्रालय के अनुसार हाल के महीनों में एलपीजी की मांग में कुछ कमी दर्ज की गई है। इसके पीछे कमर्शियल और औद्योगिक उपभोक्ताओं की खपत में गिरावट, बेहतर बुकिंग प्रबंधन प्रणाली और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित होने की संभावना है। खासकर मध्यम वर्ग और ग्रामीण उपभोक्ताओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा, जहां रसोई गैस घरेलू खर्च का महत्वपूर्ण हिस्सा है।