जखोल के प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर का होगा पुनर्निर्माण, हाईकोर्ट ने प्रशासन को दिए निर्देश
नैनीताल। उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित जखोल गांव के सदियों पुराने सोमेश्वर महादेव मंदिर के ध्वस्तीकरण के मामले में नैनीताल हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।
अदालत ने मंदिर के पुनर्निर्माण के आदेश देते हुए जिला प्रशासन की उदासीनता पर नाराजगी जताई। हाईकोर्ट ने उम्मीद जताई कि अगले दो वर्षों के भीतर मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने 28 नवंबर 2026 को जनहित याचिका का निस्तारण करते हुए कहा कि अप्रैल 2025 में मेले के बाद भीड़ द्वारा ऐतिहासिक मंदिर को गिराया जाना बेहद दुखद घटना थी।
प्रशासन की उदासीनता पर अदालत की टिप्पणी
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने मंदिर के ध्वस्तीकरण के लिए जिला प्रशासन की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराया। दरअसल, जखोल स्थित इस प्राचीन मंदिर का हंस फाउंडेशन की ओर से जीर्णोद्धार कराया जा रहा था।
आरोप था कि इस प्रक्रिया में स्थानीय लोगों और मंदिर समिति को विश्वास में नहीं लिया गया। इसी को लेकर मंदिर समिति के सचिव रामलाल विश्वकर्मा ने नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी।
मुख्य सचिव गठित करेंगे पांच सदस्यीय समिति
हाईकोर्ट ने मंदिर के पुनर्निर्माण की रूपरेखा तैयार करने के लिए मुख्य सचिव को पांच सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।
समिति में पुराने मंदिरों के जीर्णोद्धार का अनुभव रखने वाले एक वास्तुकार, भूमि सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए एक टाउन प्लानर, उत्तराखंड संस्कृति निदेशालय का एक वरिष्ठ ग्रुप-ए अधिकारी, मंदिर समिति का एक प्रतिनिधि और संबंधित उपजिलाधिकारी शामिल होंगे।
यह समिति मंदिर के पुनर्निर्माण की पूरी योजना तैयार करेगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य संबंधित एसडीएम की निगरानी में कराया जाएगा।
मंदिर से मिली प्राचीन सामग्री मंदिर समिति को सौंपी जाएगी
अदालत ने संबंधित एसडीएम को पुराने मंदिर से प्राप्त सभी कलाकृतियों और अन्य सामग्रियों की विस्तृत सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया है। इन सभी वस्तुओं को विधिवत रसीद प्राप्त करने के बाद मंदिर समिति को सौंपना होगा, ताकि मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रखी जा सके।
याचिका लंबित रहने से रुका था पुनर्निर्माण
गौरतलब है कि याचिकाकर्ता रामलाल विश्वकर्मा ने प्राचीन मंदिर को तोड़े जाने से रोकने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
सुनवाई के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और मंदिर समिति के अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि 14 अप्रैल 2025 को मंदिर का पुराना ढांचा गिरा दिया गया था। याचिका लंबित रहने के कारण पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया।
अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंदिर के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। अदालत के निर्देशों के तहत गठित होने वाली समिति मंदिर की ऐतिहासिक और स्थापत्य विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए पुनर्निर्माण की योजना तैयार करेगी।



