पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका में हरिद्वार की युवती गिरफ्तार
रिपोर्ट- सलमान मलिक
हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मामले में रुड़की क्षेत्र की एक युवती को गिरफ्तार किया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर गांव में बुधवार तड़के छापेमारी कर युवती को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था।
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन से जुड़ा हुआ था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हरिद्वार जिले के आसफनगर गांव निवासी एक युवती का नाम भी पुलिस को बताया।
इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने पिरान कलियर कोतवाली पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार सुबह पुलिस टीम ने आसफनगर गांव में दबिश दी।
बताया जा रहा है कि गांव में युवती की पहचान सुनिश्चित करने में पुलिस को करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान की पुष्टि होने के बाद युवती सोनम को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई।
हालांकि छापेमारी के दौरान मौके से कोई नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन जांच एजेंसियां करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन एंगल की पड़ताल कर रही हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि युवती कथित तौर पर पाकिस्तान के माध्यम से होने वाले नकदी लेनदेन नेटवर्क से जुड़ी हुई थी।
पूछताछ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ ले गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोग भी इस बात से हैरान हैं कि पाकिस्तान के जरिए इतने बड़े स्तर पर कथित नकदी ट्रांजेक्शन का नेटवर्क संचालित होने की आशंका सामने आई है।
पिरान कलियर थाना प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक केस से जुड़ा हुआ है।
स्थानीय पुलिस ने केवल आवश्यक सहयोग प्रदान किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस कर रही है और विभिन्न पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

