बिग ब्रेकिंग: सचिवालय में महिला सेक्शन ऑफिसर से अभद्रता, उपनल कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज

सचिवालय में महिला सेक्शन ऑफिसर से अभद्रता, उपनल कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी स्थित सचिवालय में महिला सेक्शन ऑफिसर को कथित तौर पर परेशान करने और उनके कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोप उपनल के माध्यम से तैनात कर्मचारी पंकज पर लगा है।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सचिवालय प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को उसके मूल विभाग में वापस भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर कई दिनों से महिला अधिकारी को फोन कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर परेशान करने का आरोप है।

मामला शुक्रवार को उस समय बढ़ गया, जब आरोपी कथित तौर पर महिला अधिकारी के कार्यालय सेक्शन में पहुंच गया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। इस घटना के बाद सचिवालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।

बताया जा रहा है कि सोमवार को छुट्टी के बाद आरोपी के सचिवालय पहुंचने पर महिला कर्मचारियों ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद सचिवालय परिसर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351, 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

इन धाराओं में आपराधिक धमकी, जानबूझकर अपमानित करने, पीछा करने या बार-बार संपर्क कर परेशान करने और महिला की गरिमा का अपमान करने से संबंधित आरोप शामिल हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

उधर, सचिवालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कर्मचारी को उसके मूल विभाग में वापस भेज दिया है। इसके साथ ही उपनल के प्रबंध निदेशक (MD) को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मामले की जानकारी सचिवालय प्रशासन के सचिव युगल किशोर पंत को भी दे दी गई है। अब पुलिस जांच और संबंधित विभागीय कार्रवाई पर नजर रहेगी।