शंटिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी! ऋषिकेश में बेपटरी हुई ट्रेन
देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे शंटिंग के दौरान अचानक पटरी से उतर गए।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से आगे खांड गांव क्षेत्र के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि योगनगरी रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस की शंटिंग प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन के तीन कोच अचानक बेपटरी हो गए। डिब्बों के पटरी से उतरते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक ट्रैक को दुरुस्त करने और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का कार्य जारी रहा। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए रेल ट्रैक पर आवाजाही भी रोक दी गई थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के दौरान जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास का क्षेत्र खाली कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
प्रारंभिक जांच में शंटिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और तकनीकी टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि ट्रेन खाली होने के कारण कोई यात्री प्रभावित नहीं हुआ और फिलहाल रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित की जा रही हैं।
उज्जैनी एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के इंदौर को हरिद्वार, योगनगरी ऋषिकेश और देहरादून से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेल सेवा मानी जाती है। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह ट्रेन उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अहम कड़ी है।

