ठंडी वादियों में गर्म चोरी! 10 किलो पनीर लेकर चंपत हुए तीन युवक, CCTV में कैद
भीमताल। उत्तराखंड के पर्यटन सीजन के बीच नैनीताल जिले से चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। पहाड़ों की ठंडी वादियों का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों के बीच कुछ संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते कैमरे में कैद हो गए।
देखें वीडियो:-
मामला भीमताल-भवाली मार्ग स्थित एक डेरी का है, जहां दुकान के बाहर रखे करीब 10 किलो पनीर से भरा बैग चोरी कर लिया गया।
घटना पेट्रोल पंप के पास स्थित एक दूध डेरी की बताई जा रही है। दुकान के बाहर दूध की भरी और खाली क्रेटों के बीच संभालकर रखा गया पनीर का बैग तीन युवकों की नजर में आ गया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीनों युवक पहले डेरी के आसपास काफी देर तक रैकी करते रहे। मौका मिलते ही उनमें से एक युवक तेजी से आगे बढ़ा और 10 किलो पनीर का बैग उठाकर फरार हो गया। इसके बाद तीनों युवक मौके से तेजी से निकल गए।
पूरी घटना डेरी में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि पर्यटन सीजन में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने के साथ चोरी की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है।
व्यापारियों ने भीमताल पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पर्यटन क्षेत्रों में व्यापारियों की सुरक्षा और कारोबार दोनों प्रभावित होंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों के सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल और आसपास के इलाकों में पहुंचते हैं, जिससे बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है।
ऐसे में कुछ असामाजिक तत्व भी पर्यटकों की आड़ में वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

