देहरादून में अधिवक्ता पर हमला, कार के शीशे तोड़े। मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
देहरादून। राजधानी देहरादून में देर रात एक मामूली सड़क हादसा हिंसक टकराव में बदल गया। अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा ने भाजपा युवा मोर्चा केदार नगर मंडल अध्यक्ष अमित धनिक और उनके साथियों पर पीछा कर जानलेवा हमला करने, कार में तोड़फोड़ करने और गंभीर धमकियां देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दुधली रोड पर अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा की कार और अमित धनिक की थार गाड़ी के बीच पास लेते समय टक्कर हो गई थी। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा का आरोप है कि बंगाली कोठी चौक से बायपास चौकी के बीच अमित धनिक और उनके साथियों ने उन्हें दोबारा रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान उनकी कार पर लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किया गया।
हमले में कार के आगे और पीछे के शीशे टूट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामला यहीं नहीं रुका। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, पुलिस चौकी में तहरीर देने के बाद जब अधिवक्ता अपने भाई के साथ वापस लौट रहे थे, तभी अमित धनिक और 10 से 12 अज्ञात युवक अलग-अलग बाइकों पर उनका पीछा करते हुए बंगाली कोठी से दून यूनिवर्सिटी रोड तक पहुंचे।
आरोप है कि युवकों के हाथों में लोहे की रॉड, लाठी और डंडे थे। रास्ते में कार को दोबारा रोककर अधिवक्ता, उनके भाई और वाहन पर फिर हमला किया गया। इस दौरान कार में दोबारा तोड़फोड़ की गई और दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
घटना के बाद देर रात पुलिस चौकी में भारी हंगामा हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता की थार गाड़ी को सीज कर दिया। अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा की तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(3), 324(4), 126(2) और 281 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

