अमित शाह ने किया ऐलान, शुभेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री
कोलकाता। पश्चिम Bengal में भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए बड़ा फैसला लेते हुए शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया है।
शुक्रवार को न्यूटाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
विधायक दल की बैठक के बाद अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। अब शुभेंदु अधिकारी राज्यपाल आर एन रवि से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
अमित शाह के कार्यक्रम के अनुसार, वह शनिवार सुबह होटल से निकलकर ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेंगे और दोपहर तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इससे संकेत मिल रहे हैं कि इसी दौरान नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होगा।
शुभेंदु अधिकारी इस चुनाव में भाजपा के सबसे बड़े चेहरे के रूप में उभरे। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की।
इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को पराजित किया था।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान हुआ था।
4 मई 2026 को आए चुनाव परिणामों में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में सत्ता परिवर्तन का रास्ता साफ हो गया।

