SGRRU में ‘जेनिथ 2026’ का भव्य समापन, विशाल मिश्रा के सुरों पर झूमे युवा

SGRRU में ‘जेनिथ 2026’ का भव्य समापन, विशाल मिश्रा के सुरों पर झूमे युवा

देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘जेनिथ 2026’ का समापन मंगलवार को शानदार संगीत संध्या के साथ हुआ। अंतिम दिन प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा की लाइव प्रस्तुति ने पूरे माहौल को रोमांटिक और ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम से पूर्व विशाल मिश्रा ने श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर पूजनीय महंत देवेन्द्र दास जी महाराज से आशीर्वाद लिया। परंपरानुसार उनका स्वागत भी किया गया।

पथरीबाग स्थित विश्वविद्यालय के हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित स्टार नाइट में हाई-वोल्टेज साउंड और आकर्षक लाइटिंग के बीच विशाल मिश्रा ने अपने सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति दी।

पहले भी मैं”, “कैसे हुआ”, “दिल झूम”, “तेरी हो गईयां” और “चल तेरे इश्क में” जैसे लोकप्रिय लव सॉन्ग्स पर हजारों छात्र-छात्राएं देर रात तक झूमते नजर आए। मोबाइल फ्लैशलाइट्स के बीच बना रोमांटिक माहौल कार्यक्रम की खास पहचान रहा।

इस दौरान भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके अमर गीतों की प्रस्तुति के साथ पूरा परिसर भावुक हो उठा और दर्शकों ने तालियों के साथ उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि आशा भोसले का संगीत भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो पीढ़ियों तक प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. प्रतापन, कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर, आयोजन समिति के पदाधिकारी, संकायाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जेनिथ 2026’ का समापन सुरों, भावनाओं और युवा उत्साह के शानदार संगम के साथ हुआ, जिसने इसे एक यादगार आयोजन बना दिया।