सावधान: देहरादून में आज रात एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 30 मिनट रहेगा अंधेरा। घबराएं नहीं

देहरादून में आज रात एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 30 मिनट रहेगा अंधेरा। घबराएं नहीं

  • चार संवेदनशील क्षेत्रों में सायरन के साथ अभ्यास, प्रशासन ने कहा- घबराएं नहीं, यह सिर्फ तैयारी

देहरादून। देहरादून में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए आज शुक्रवार रात 10 बजे एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर के चार संवेदनशील इलाकों में करीब 30 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

इन क्षेत्रों में होगा अभ्यास

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आईएसबीटी, घंटाघर, आराघर और रायपुर स्थित रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स अनुप्रयोग प्रयोगशाला (डीईएएल/डीआरडीओ) क्षेत्र में सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा। इसके तुरंत बाद ब्लैकआउट लागू किया जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थिति का वास्तविक आकलन किया जा सके।

आपात तैयारी का आकलन उद्देश्य

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित हवाई हमले या अन्य आपात परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और आपसी समन्वय की जांच करना है। जिला प्रशासन ने इसके लिए कंट्रोल रूम में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया है।

एजेंसियां रहेंगी तैनात

अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस बल मौके पर तैनात रहेंगे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।

प्रशासन की अपील- अफवाहों से बचें

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने बताया कि यह मॉक ड्रिल गृह मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में न आएं, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास है।

जनसहयोग जरूरी

जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभ्यास न केवल आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करते हैं, बल्कि आमजन में जागरूकता भी बढ़ाते हैं।