रुड़की में ‘मौत की इमारत’! संकरी गली में बन रहा चार मंजिला कॉम्प्लेक्स, HRDA पर उठे सवाल
रिपोर्ट- सलमान मलिक
रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की शहर के व्यस्त बीटी गंज बाजार से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन और Haridwar-Roorkee Development Authority की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। संकरी गली में नियमों को ताक पर रखकर एक बहुमंजिला कमर्शियल इमारत का निर्माण किया जा रहा है।
संकरी गली में खड़ी हो रही चार मंजिला इमारत
मामला बीटी गंज बाजार की उस गली का है, जहां दो लोगों का एक साथ निकलना भी मुश्किल होता है। इसी गली में चार मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण में नियमों की अनदेखी करते हुए बेसमेंट भी बनाया गया है और काम अभी भी जारी है।
नक्शा पास या अवैध निर्माण?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी इमारत का नक्शा आखिर पास कैसे हुआ। अगर नक्शा स्वीकृत नहीं था, तो निर्माण कार्य को समय रहते क्यों नहीं रोका गया?
अधिकारियों का जवाब- ‘जानकारी नहीं’
जब इस संबंध में Haridwar-Roorkee Development Authority के अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने मामले की जानकारी से इनकार किया। उनका कहना है कि जल्द ही टीम भेजकर जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिलीभगत या लापरवाही?
अधिकारियों के इस बयान के बाद कई सवाल उठ रहे हैं।
- क्या इतनी बड़ी बिल्डिंग रातों-रात बन गई?
- क्या क्षेत्रीय इंजीनियरों और सुपरवाइजरों को इसकी भनक तक नहीं लगी?
- या फिर यह मामला जानबूझकर अनदेखी का है?
हादसे का खतरा बढ़ा
रुड़की के बाजार पहले से ही संकरी गलियों और भारी भीड़ के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में अगर किसी तरह की आगजनी या अन्य आपदा होती है, तो राहत और बचाव कार्य करना बेहद मुश्किल हो जाएगा। दमकल की गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच पाएंगी, जिससे जनहानि का खतरा बढ़ जाता है।
जनता के सवाल, जवाब का इंतजार
स्थानीय लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस अवैध निर्माण पर रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल प्रशासन जांच और कार्रवाई की बात कर रहा है, लेकिन सवाल यही है कि क्या यह अवैध निर्माण ध्वस्त होगा या फिर कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाएगा।

