गुड न्यूज: महंगाई पर धामी सरकार का बड़ा वार, हर मंडी में खुलेंगे सस्ते रिटेल काउंटर

महंगाई पर धामी सरकार का बड़ा वार, हर मंडी में खुलेंगे सस्ते रिटेल काउंटर

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य में महंगाई नियंत्रण को लेकर अहम फैसला लिया गया है। आम जनता को राहत देने के लिए अब हर मंडी समिति में सस्ते फल, सब्ज़ी और जरूरी वस्तुओं के विशेष रिटेल काउंटर खोले जाएंगे।

हर मंडी में बनेंगे 5 सस्ते काउंटर

उत्तराखण्ड मंडी परिषद की बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक मंडी समिति में 5 बड़े रिटेल काउंटर स्थापित किए जाएंगे।

इन काउंटरों पर फल, सब्ज़ी और दैनिक जरूरत की वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य बिचौलियों की भूमिका कम कर उपभोक्ताओं को सीधे सस्ती दरों पर सामान उपलब्ध कराना है।

रोजाना निगरानी के लिए सचल दल

महंगाई पर नियंत्रण के लिए नई निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी। हर दिन 3 सदस्यीय सचल दल बाजार का निरीक्षण करेगा और फल-सब्ज़ियों के खुदरा दामों का आकलन करेगा। यह रिपोर्ट सीधे मंडी बोर्ड मुख्यालय को भेजी जाएगी।

व्यापारियों के लिए लाइसेंस अनिवार्य

मंडी क्षेत्र में काम करने वाले सभी खुदरा व्यापारियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। इससे बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और नियमों का पालन सुनिश्चित होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल वैन से गांव-गांव पहुंचेगी राहत

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि मोबाइल वैन के जरिए भी सस्ती दरों पर फल-सब्ज़ी और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी राहत मिल सके।

ओवरचार्जिंग पर सख्ती, पर्यटन सीजन में खास निगरानी
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कहीं भी अधिक कीमत वसूलने पर तत्काल कार्रवाई होगी। पर्यटकों और आम जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर “डब्बू”, निदेशक हेमंत वर्मा, महाप्रबंधक निर्मला बिष्ट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी मंडियों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।