उत्तराखंड में अपराध पर पुलिस का शिकंजा। शराब तस्करी, स्मैक सप्लाई और दिनदहाड़े चोरी का खुलासा
देहरादून। उत्तराखंड में पुलिस ने अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए शराब तस्करी, नशे के कारोबार और चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।
इन मामलों में पुलिस ने जहां एक ओर भारी मात्रा में अवैध शराब और स्मैक बरामद की है, वहीं दूसरी ओर दिनदहाड़े चोरी की घटना के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान केमिकल की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस ने एक 10 टायरा ट्रक से 300 पेटी अंग्रेजी शराब (हरियाणा ब्रांड) बरामद करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह खेप चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने ट्रक को सीज कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग तीन लाख रुपये की कीमत की 12.36 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बच्चों को पैसे और चॉकलेट का लालच देकर उनके माध्यम से स्मैक की सप्लाई करता था। पुलिस आरोपी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में एक बार फिर चोरी की घटना ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। आईजी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित बद्रीपुरा इलाके में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है।
आरोपी किराएदार बनकर रह रहा था और मौका पाकर महिला के घर से जेवरात व नकदी का बक्सा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित मामलों में जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

