अपराध: सड़क हादसे ने ली किशोर की जान, रामनगर में खेत में मिली मादा गुलदार मृत

सड़क हादसे ने ली किशोर की जान, रामनगर में खेत में मिली मादा गुलदार मृत

नैनीताल। नैनीताल जनपद में सोमवार को लापरवाही और असुरक्षा की दो तस्वीरें सामने आईं। एक ओर हल्द्वानी में जर्जर सड़क और तेज रफ्तार भारी वाहन ने 13 वर्षीय किशोर की जान ले ली, वहीं दूसरी ओर रामनगर के कालाढूंगी क्षेत्र में गन्ने के खेत में मादा गुलदार का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।

गड्ढे से बचने में गया मासूम की जान

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की नहर कवरिंग रोड पर बने गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक पर पीछे बैठा अर्जुन (13) सड़क पर गिर पड़ा और उसी दौरान सामने से आ रहे मिक्सर ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।

अर्जुन अपने बड़े भाई ललित के साथ गैस सिलेंडर लेकर मुखानी से पनचक्की की ओर जा रहा था। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मिक्सर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश जारी है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रामनगर में गन्ने के खेत से बरामद हुआ गुलदार का शव
दूसरी घटना रामनगर के कालाढूंगी क्षेत्र के पत्तापानी गांव की है, जहां गन्ने के खेत में करीब 8 वर्षीय मादा गुलदार का शव मिला।

सूचना मिलते ही तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के बैलपड़ाव रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में गुलदार के शरीर पर गहरे घाव के निशान पाए गए हैं, जिससे आपसी संघर्ष में मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वन विभाग का कहना है कि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
सवालों के घेरे में व्यवस्था

एक तरफ शहर की जर्जर सड़कें आम लोगों की जान ले रही हैं, तो दूसरी ओर वन क्षेत्रों में वन्यजीवों की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में है। दोनों घटनाओं ने जनपद में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।