उत्तराखंड में नए साल की शुरुआत सख्ती और सनसनी के साथ। पढ़ें चार बड़ी खबरें….
देहरादून। नए साल 2026 की शुरुआत उत्तराखंड में पुलिस की सख्त कार्रवाई और कई सनसनीखेज मामलों के साथ हुई। जहां एक ओर नए साल के जश्न में हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा।
वहीं दूसरी ओर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीडियो मामलों, हरिद्वार में युवक की निर्मम पिटाई और देहरादून में बैंक कर्मचारी की बड़ी धोखाधड़ी का मामला भी सामने आया।
नए साल की रात देहरादून में सख्ती, 62 वाहन सीज
नए साल के जश्न के दौरान देहरादून पुलिस ने 31 दिसंबर की रात 10 बजे से 1 जनवरी की सुबह 3 बजे तक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार से हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 62 वाहनों को सीज किया गया और उनके चालकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, यह सभी लोग नए साल का जश्न मनाकर मसूरी से लौट रहे थे या मसूरी की ओर जा रहे थे। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस की पैनी नजर रही।
2026 का पहला मुकदमा रायवाला में दर्ज
देहरादून जिले में साल 2026 का पहला मुकदमा रायवाला थाने में दर्ज किया गया। 12 बजे के बाद पुलिस ने देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान के अंतिम आंकड़े अभी आ रहे हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उर्मिला सनावर पर पुलिस का शिकंजा, नोटिस चस्पा
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वीडियो और कथित ऑडियो के बाद चर्चाओं में आईं उर्मिला सनावर के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। उर्मिला सनावर पर हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। हरिद्वार पुलिस ने यूपी के सहारनपुर स्थित उनके घर पर नोटिस चस्पा किया है।
इससे पहले पुलिस ने बीजेपी के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के हरिद्वार स्थित आवास पर भी नोटिस चस्पा कर उन्हें थाने में पेश होने को कहा था, लेकिन अब तक वे पुलिस के सामने पेश नहीं हुए हैं।
क्या है पूरा मामला
उर्मिला सनावर ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से हुई कथित फोन बातचीत का ऑडियो और वीडियो जारी किए थे, जिनमें अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी का जिक्र किया गया।
इसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई थी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मुद्दे को लेकर दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस तक की थी।
इन वीडियो को लेकर देहरादून और हरिद्वार में शिकायतें दर्ज कराई गईं। पुलिस के अनुसार, यदि आरोपी जांच में सहयोग नहीं करते हैं तो आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। —प्रमेंद्र डोभाल, एसएसपी हरिद्वार
हरिद्वार में नए साल की रात युवक की बेरहमी से पिटाई
नए साल के जश्न के बीच हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां कुछ युवकों ने अनुराग उर्फ बिट्टू नामक युवक को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जान बचाने के लिए युवक सड़क किनारे खड़ी एक कार के नीचे घुस गया, लेकिन आरोपियों ने उस पर लात-घूंसे और पत्थरों से हमला जारी रखा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कनखल थाना प्रभारी मनोहर रावत ने बताया कि घायल युवक की हालत अब स्थिर है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
देहरादून में बैंक कर्मचारी पर 31 लाख की धोखाधड़ी का मुकदमा
देहरादून के जाखन स्थित एक प्राइवेट बैंक शाखा में तैनात कर्मचारी पर 31 लाख 71 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक रितेश श्रीवास्तव की शिकायत पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि कर्मचारी राजेश रंजन ग्राहकों को म्यूचुअल फंड और अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे रकम लेता था और निवेश के बजाय उसे अपने और अपने परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर लेता था।
बैंक की आंतरिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 8 ग्राहकों को शिकार बनाया। आरोपी ने आरटीजीएस, चेक और क्रेडिट कार्ड के जरिए रकम हड़पने के अलग-अलग तरीके अपनाए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

