वीडियो: हरिद्वार में इंसानियत शर्मसार। महिला को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

हरिद्वार में इंसानियत शर्मसार। महिला को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

देखें वीडियो:-

आरोप है कि महिला पर घर में घुसकर बच्चों का गला दबाने की कोशिश का शक जताया गया था। इसी संदेह के आधार पर स्थानीय लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए महिला को खंभे से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की।

घटना के बाद हालात और बिगड़ गए। महिला के परिजनों और दूसरे पक्ष के बीच भी जमकर मारपीट हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर रानीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

रानीपुर कोतवाल शांति गंगवार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है।

वायरल वीडियो की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।