बड़ा हादसा: अवैध खनन वाहनों का कहर। खटीमा और लक्सर में सड़क हादसों ने ली दो जिंदगियां, प्रशासन की सख्ती पर सवाल

अवैध खनन वाहनों का कहर। खटीमा और लक्सर में सड़क हादसों ने ली दो जिंदगियां, प्रशासन की सख्ती पर सवाल

उत्तराखंड में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत–नेपाल सीमा से सटे खटीमा और हरिद्वार जनपद के लक्सर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल है।

खटीमा में मंगलवार देर रात लोहियाहेड रोड पर अवैध मिट्टी से लदे ओवरलोड डंपर ने मोटरसाइकिल सवार एक नेपाली युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। फरार डंपर और चालक की तलाश में आसपास के इलाकों में घेराबंदी की गई है।

वहीं हरिद्वार जिले के लक्सर–पुरकाजी हाईवे पर खनन सामग्री से भरे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर स्कूल जा रहे भाई–बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान छात्र की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उसकी बहन की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक का माहौल है।

दोनों ही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि खनन वाहनों की तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही आमजन की जान पर भारी पड़ रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और संबंधित वाहनों व चालकों की तलाश जारी है।

इन दर्दनाक हादसों ने एक बार फिर अवैध खनन, ओवरलोड वाहनों और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।