एक्सक्लूसिव: सोशल मीडिया और प्रचार युद्ध में पिछड़ी कांग्रेस

सोशल मीडिया और प्रचार युद्ध में पिछड़ी कांग्रेस

– आईटी सेल का अता-पता नहीं, अकेले ही लड़ रहे हरदा
– आखिर कहां लगे हैं कांग्रेस के 900 होर्डिंग्स? क्या नंदा देवी की चोटी पर ?

– गुणानंद जखमोला
भाजपा और आम आदमी पार्टी ने प्रचार अभियान में कांग्रेस को पीछे छोड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पर भाजपा और आप ही नजर आती है। कांग्रेस का अता-पता नहीं है। जबकि पता चला है कि, पार्टी ने किसी एजेंसी को डेढ़ करोड़ का ठेका दिया हुआ है। सोशल मीडिया पर हरदा की निजी टीम ही अधिक नजर आ रही है।

भाजपा आईटी सेल के मुकाबले में कांग्रेस कहीं नहीं है। आप भी आगे है। उधर, पत्रकार साथी कांग्रेस कार्यालय के चक्कर काट-काट कर परेशान हैं। प्रचार की कमान संभाल रहे बिहार से आए गौरव वल्लभ रोज प्रेस कांफ्रेंस कर पत्रकारों को दुखी कर रहे हैं।

गौरव को उत्तराखंड और यहां की राजनीति की बुनियादी समझ भी नहीं है, लेकिन मीडिया से बातचीत में वह अपने ज्ञान का बखान ऐसे करते हैं कि, पूरी दुनिया के ज्ञानी वही है। चूंकि अभी मीडिया को पैकेज नहीं मिला तो पत्रकार साथी गौरव का ज्ञान झेलने के लिए मजबूर हैं।

होर्डिंग्स मामले में भी कांग्रेस भाजपा और आप से पिछड़ी हुई है। हालांकि कांग्रेस सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने 900 होर्डिंग लगाने का ठेका दिया हुआ है। यह ठेका भी दिल्ली की कंपनी को मिला है। जबकि वास्तविकता यह है कि पूरे प्रदेश में 250 से अधिक साइट नहीं हैं, जहां होर्डिंग लगाई जा सकें।

सीधी सी बात है कि, चुनाव के चक्कर में कांग्रेस को करोड़ों को पलीता लगाया जा रहा है। चिन्ता इस बात की है कि, कांग्रेस यदि सत्ता में आ गयी तो वह यह वसूली उत्तराखंड की जनता से करेगी। यानी कांग्रेस की सरकार बनी नहीं कि, लुटेरे पहले आ गये।