झटका: कैबिनेट मंत्री हरक सिंह भाजपा से निष्कासित

कैबिनेट मंत्री हरक सिंह भाजपा से निष्कासित

इस वक्त उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां हरक सिंह रावत को भारतीय जनता पार्टी ने 6 वर्षों के लिए बर्खास्त कर दिया गया। इसके साथ ही उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया गया है। इस प्रकार काफी समय से अपने उग्र तेवर दिखा रहे हरक सिंह रावत को भाजपा ने करारा झटका दिया है।

हरक सिंह को कांग्रेस नेताओं से मिलने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के चलते बर्खास्त किया गया है। उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया गया है।

बताते चलें कि हरक सिंह पिछले काफी समय से लगातार अपने तेवर दिखा रहे थे, जिससे भारतीय जनता पार्टी असहज महसूस कर रही थी। पिछले दिनों भी वे कैबिनेट बैठक को छोड़कर अचानक चले गए थे, जिसके बाद उनकी मान मनोव्वल करने के बाद वह पुनः मान गए थे।

गत दिवस देहरादून में आयोजित बैठक में भी वह गायब रहे थे। जिसके बाद से पार्टी संगठन में उनको लेकर रणनीति बन रही थी। इसी कड़ी में बीते रविवार उन्हें पार्टी ने बर्खास्त कर दिया है।

बताते चलें कि हरक सिंह रावत लैंसडाउन विधानसभा सीट से अपनी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को टिकट दिलाने की मांग कर रहे थे। इसके अलावा वे कोटद्वार से चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे। हालांकि उन्होंने यमकेश्वर, लैंसडाउन, डोईवाला व केदारनाथ सीट पर चुनाव लड़ने की बात कही थी।