बड़ी खबर: मुख्यमंत्री धामी पर पूर्व मुख्यमंत्री का हमला। बोले, मुख्यमंत्री कर रहे झूठी घोषणाएं, विकास बक्सों में बंद

मुख्यमंत्री धामी पर पूर्व मुख्यमंत्री का हमला। बोले, मुख्यमंत्री कर रहे झूठी घोषणाएं, विकास बक्सों में बंद

रिपोर्ट- वंदना गुप्ता
हरिद्वार। उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी की 5 साल की सरकार में तीन मुख्यमंत्री बनाए गए। चुनाव से कुछ वक्त पूर्व ही भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने उत्तराखंड के युवा पुष्कर सिंह धामी पर अपना भरोसा जताया और उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी से नवाजा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पद संभालते ही उत्तराखंड के लिए कई घोषणाएं की और कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पुष्कर सिंह धामी पर बड़ा हमला करते हुए इन कार्यों पर सवाल खड़े किए हैं।

हरीश रावत ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी झूठी घोषणाएं करने में लगे हैं, अगर उन्होंने विकास किया होता तो भाजपा के लोगों को इतनी मारामारी नहीं करनी पड़ती।

हरीश रावत ने कहा कि, सरकार ने विकास को पिछले पांच सालों में बक्सों में बंद करके रखा। यह सिर्फ झूठ है, जो कभी कामयाब नहीं होने वाला है। हरीश रावत ने कहा कि, 2022 में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी। जनता भाजपा की नीतियों से बेहद परेशान आ चुकी है, अब आने वाला समय कांग्रेस का है।

आपको बता दें कि, प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही पुष्कर सिंह धामी ने करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था, जिसके बाद पूर्व सीएम हरीश रावत ने पुष्कर सिंह धामी की इन योजनाओं पर सवाल खड़े किये हैं।

कहा कि, यह सिर्फ झूठे वादे हैं, जनता इस चुनाव में बीजेपी को सबक सिखाएगी और आने वाली सरकार कांग्रेस की ही होगी। अब देखना होगा कि, चुनाव में जनता किस पार्टी को अपना समर्थन देती है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। मगर चुनाव से पहले सभी पार्टियों के नेता एक दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त है।