बड़ी खबर: अवैध अतिक्रमण हटाने गए पुलिस प्रशासन पर ग्रामीणों ने किया पथराव

अवैध अतिक्रमण हटाने गए पुलिस प्रशासन पर ग्रामीणों ने किया पथराव

 

चमोली। जनपद के पोखरी ब्लॉक से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गोदी बैंड में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाने गई तहसील प्रशासन, नगर पंचायत व पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। जिससे एक पुलिस पुलिसकर्मी और नगर पंचायत और तहसील प्रशासन के कर्मी घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पोखरी ब्लॉक मुख्यालय में गोदी बैंड में कई लोग नगर पंचायत व राजस्व की जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण कर रहे थे। जिसको हटाने के लिए नगर पंचायत पोखरी व तहसील प्रशासन के साथ पुलिस की टीम आज मौके पर पहुंची थी। जहां नखनियणा के ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया। कुछ देर नगर पंचायत व तहसील प्रशासन के बीच ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक होती रही, किंतु बाद में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण तोडने की कार्यवाही शुरू की तो ग्रामीणों ने दूसरी ओर से पथराव शुरू कर दिया।

इस पर पथराव को रोकने के पुलिस बल आगे बढ़ा तो ग्रामीणों ने उन पर भी पथराव कर दिया। जिसमें पुलिसकर्मी और महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिस कर्मी भी आंशिक घायल हुए हैं। वहीं नगर पंचायत व तहसील प्रशासन के कई कर्मचारियों को भी चोट लगने की खबर है।

बताया जा रहा है कि, 40 से अधिक ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया, जिस कारण यहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिसकर्मी जान बचाकर यहां से भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस द्वारा और पुलिस बल मंगाया गया। बताया जा रहा है कि, अभी भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस घटना पर दुख जताते हुए मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी विमल प्रसाद ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।