कोटद्वार निगम में सफाई कर्मचारियों के अभाव से स्वच्छ भारत मिशन को लग रहा पलीता: नेगी

कोटद्वार निगम में सफाई कर्मचारियों के अभाव से स्वच्छ भारत मिशन को लग रहा पलीता

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी ने नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चुस्त दुरूस्त करने के लिए नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति, वार्डो में पानी निकासी की समस्या, ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि उपलब्ध करवाने को लेकर एक बार फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं शहरी विकास मंत्री को पत्र प्रेषित किया है।

पत्र में नगर निगम की महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने कहा कि, वर्तमान में नगर निगम में पर्याप्त मात्रा में सफाई कर्मचारी न होने से स्वच्छ भारत मिशन सफल नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में जितने सफाई कर्मचारी तत्कालीन नगर पालिका में कार्यरत थे, उन्हीं कार्यरत सफाई कर्मचारियों से वर्तमान नगर निगम के चालीस वार्डो में सफाई का कार्य करवाया जा रहा है। इस दौरान कई सफाई कर्मचारी सेवानिवृत्त भी हो गये है, तथा इतने कम सफाई कर्मचारियों से विस्तारित नगर निगम के वार्डो में सफाई करवाना नगर निगम के लिए चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से शीघ्र ही नगर निगम में नियमित सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने की मांग की है।

महापौर ने यह भी कहा कि, नगर निगम बनने के बाद नये सम्मिलित वार्डो में पानी निकासी की समस्या बनती जा रही है। निकासी की व्यवस्था न होने से पानी इकठ्ठा हो रहा है जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। प्रदेश सरकार से पानी निकासी की समस्या से निजात दिये जाने के लिए योजना के लिए धनराशि दिये जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि उपलब्ध न करवाये जाने पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि, वर्तमान में नगर निगम प्रशासन के लिए कूड़े का निस्तारण करना एक बहुत बड़ी समस्या बन गयी है। वर्तमान में गाडीघाट में कूड़ा डाले जाने से आसपास के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रिहायशी जगह पर कूड़ा डाला जाना ठीक नहीं है। इसलिए प्रदेश सरकार को ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए तत्काल भूमि उपलब्ध करवानी चाहिए, ताकि कूड़े की विकराल होती समस्या का समय पर समाधान हो सके।