शहीद कांस्टेबल के परिजनों को एक करोड़ रुपए दे उत्तराखंड सरकार: आप

शहीद कांस्टेबल के परिजनों को एक करोड़ रुपए दे उत्तराखंड सरकार

– परिवार के किसी एक सदस्य को मिलनी चाहिए सरकारी नौकरी

देहरादून। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविन्द्र सिंह आनन्द ने प्रेम नगर थाने में तैनात कांस्टेबल संजय कुमार गुर्जर की दुर्घटना में हुई मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, भाई संजय कुमार गुर्जर एक कोरोना योद्धा थे, जो बिधोली क्वारंटाइन सेंटर पीपीई किट पहुंचा कर वापिस जा रहे थे और रास्ते में दुर्घटना होने से उनकी मृत्यु हुई। यह प्रदेश के लिए बहुत दुख की बात है।

                                          फ़ाइल फ़ोटो

रविन्द्र ने कहा वे भगवान से प्रार्थना करते हैं कि, दिवंगत आत्मा को भगवान अपने चरणों में स्थान दे और पीछे छूटे परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। कांस्टेबल संजय कुमार गुर्जर एक कोरोना योद्धा थे और सरकार को उनके परिजनों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान करनी चाहिए। साथ ही उनके परिवार में से किसी व्यक्ति को सरकारी नौकरी देनी चाहिए। जिससे उनके परिवार को कुछ सांत्वना मिल सके।