हादसा: अज्ञात कारणों से लगी आग। एक दुकान समेत पांच वाहन जलकर खाक

अज्ञात कारणों से लगी आग। एक दुकान समेत पांच वाहन जलकर खाक

रिपोर्ट- गिरीश चंदोला
थराली। देवाल विकासखंड में रात्रि के समय अज्ञात कारणों से आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। देवाल के अंतर्गत मानमती गांव में खडी 4 कार, एक ट्राला सहित एक दुकान में लगी भीषण आग के कारण लाखों का नुकसान हो गया हैं।

यहां मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात किसी समय देवाल-सुयालकोट-खेता-मानमती मोटर सड़क पर मानमती गांव में खड़े 5 वाहनों के साथ ही एक दुकान में भीषण आग लग गई। इस आग में दलीप सिंह पुत्र किशन सिंह की दुकान एवं उसके अंदर पिंडर घाटी क्षेत्र के कई गांवों के विवाह के लिए रखे गए लाखों रुपयों का सामना जलकर खाक हो गया हैं। जब कि यहां पर खड़ी देव भूमि कंस्ट्रक्शन कंपनी ऋषिकेश का UK014CA3813 ट्राला, मानमती के खिलाप सिंह दानू की अल्ट्रो कार UK07BN2155, मानमती के ही पुष्कर सिंह दानू की कार Uk 07-9885, उदेपुर सौरीगाड़ की गोविंद सिंह की हुंडई कार नंबर UK07DQ8033 वाहन जल कर खाक हो गए हैं। जबकि चनियाली के हेमंत गड़िया की कार UK07DL6719 को आंशिक क्षति पहुंची है।

सूचना मिलते ही बोरागाड़ के राजस्व उपखण्ड निरीक्षक नवल किशोर मिश्रा अपने सहयोगी देव सिंह दानू के साथ घटनास्थल मानमती पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि, शनिवार की देर रात किसी समय दुकान एवं वाहनों में आग लगी, ग्रामीण सही समय पर नही बता पाए हैं। घटनास्थल गांव के आबादी क्षेत्र से कुछ दूर होने के कारण नुकसान अधिक हुआ हैं। बताया कि, मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया हैं। आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही देवाल के ब्लाक प्रमुख दर्शन दानू भी घटनास्थल मानमती पहुंचे। जहां पर उन्होंने मामले की जानकारी प्राप्त करते हुए घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ितों को शासन, प्रशासन से हर संभव सहायता दिलाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।