बड़ा हादसा: दीदी-भुली योजना के फार्म भरकर लौट रही महिलाओं की कार खाई में गिरी। सात की मौत, 5 घायल

दीदी-भुली योजना के फार्म भरकर लौट रही महिलाओं की कार खाई में गिरी। सात की मौत, 5 घायल

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रिखणीखाल ब्लॉक के कलवाड़ी के पास सवारियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में सात लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है। दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दीदी-भुली योजना के फार्म भरकर लौट रही थीं महिलाएं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईको कार में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी थीं। बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं रिखणीखाल में दीदी-भुली योजना के फार्म भरने गई थीं। वहां से वापस लौटते समय कलवाड़ी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।

प्रारंभिक जानकारी में वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

राहत एवं बचाव अभियान, पांच घायल अस्पताल भेजे गए

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे वाहन से घायलों को निकालने के लिए अभियान चलाया गया। पांच घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना है।

हादसे ने फिर उठाए पहाड़ी सड़कों की सुरक्षा पर सवाल

इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सड़क सुरक्षा, वाहन क्षमता और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के कारणों को लेकर प्रशासन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।