HIGH SUGAR, HIGH SALT और HIGH FAT… अब पैकेट के सामने दिखेगी खतरे की चेतावनी
नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अत्यधिक चीनी, नमक और वसा के इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है।
अदालत ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत अधिक फैट, शुगर और सॉल्ट वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट के सामने अलग-अलग षट्कोणीय (हेक्सागोनल) चेतावनी लेबल लगाने की व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी होनी चाहिए। यानी किसी खाद्य उत्पाद में फैट, शुगर और सॉल्ट तीनों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक है तो उसके पैकेट पर तीन अलग-अलग चेतावनी लेबल दिखाई देने चाहिए।
इन लेबल पर संबंधित पोषक तत्व का चित्रात्मक संकेत और स्पष्ट रूप से ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होना चाहिए।
चीनी और फैट की मात्रा तय करने के लिए बदलेगा आधार
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि पोषक तत्वों की अधिकतम निर्धारित सीमा (थ्रेशोल्ड वैल्यू) तय करते समय केवल Added Sugar और Added Fat के बजाय Total Sugars और Saturated Fat को आधार बनाया जाए।
अदालत ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर प्रत्येक पोषक तत्व के लिए सीमा दोबारा निर्धारित करने को कहा है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह सीमा न तो इतनी कम होनी चाहिए कि लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़े और न ही इतनी अधिक कि अधिकांश उत्पाद चेतावनी के दायरे से बाहर रह जाएं।
पीठ ने ‘लेबल फटीग’ की आशंका भी जताई। अदालत के अनुसार, यदि लगभग सभी खाद्य उत्पादों पर चेतावनी दिखाई देगी तो उपभोक्ता धीरे-धीरे इन चेतावनियों को नजरअंदाज करने लगेंगे।
वहीं, सीमा बहुत अधिक रखने से अत्यधिक चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले उत्पाद भी चेतावनी से बच सकते हैं।
पैकेट के सामने 4 से 5 प्रतिशत हिस्से में होंगे चेतावनी चिह्न
सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी लेबल के आकार और उनकी दृश्यता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि प्रत्येक हेक्सागोनल चेतावनी का आकार पैकेज के मुख्य डिस्प्ले पैनल (Principal Display Panel) के अनुपात में ऐसा होना चाहिए कि वह पैनल के लगभग 4 से 5 प्रतिशत हिस्से को कवर करे।
इसके अलावा, FSSAI को चेतावनी लेबल के भीतर लिखे जाने वाले शब्दों का फॉन्ट साइज भी निर्धारित करना होगा, ताकि खरीदारी और इस्तेमाल के दौरान उपभोक्ताओं को चेतावनी आसानी से दिखाई दे और पढ़ने में कोई परेशानी न हो।
बच्चों को स्कूलों में पढ़ाया जाएगा पोषण का पाठ
सुप्रीम कोर्ट ने केवल खाद्य पैकेटों पर चेतावनी लगाने तक ही अपने निर्देश सीमित नहीं रखे, बल्कि बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है।
पीठ ने केंद्र सरकार को स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव करने और पोषण संबंधी विषयों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए इंटरैक्टिव वर्कशॉप, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और अन्य शैक्षणिक पहलों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार, पोषण और स्वस्थ खानपान के विकल्पों की जानकारी देने पर जोर दिया गया है।
अदालत ने केंद्र सरकार को Food Safety and Standards (Labelling and Display) Regulations, 2020 सहित मौजूदा खाद्य लेबलिंग नियमों को सख्ती से लागू करने का भी निर्देश दिया है।
10 सप्ताह बाद होगी अगली सुनवाई, FSSAI को देना होगा हलफनामा
यह मामला ‘3S and Our Health Society’ की ओर से दाखिल जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव शंकर द्विवेदी ने पक्ष रखा था। सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
इससे पहले सुनवाई के दौरान अदालत ने FSSAI की उस नीति पर सवाल उठाए थे, जिसमें हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट वाले खाद्य पदार्थों पर चेतावनी लेबल लगाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाने का विरोध किया गया था।
अदालत ने मोटापे को गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंता बताते हुए पूछा था कि क्या भारत को इस दिशा में पिछड़ा रहना चाहिए?
सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद FSSAI ने पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर चित्रात्मक चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया था।
शुरुआती प्रस्ताव में दो या उससे अधिक पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा पार करने वाले उत्पादों पर चेतावनी लगाने की बात थी। बाद में इसमें बदलाव करते हुए किसी एक पोषक तत्व की सीमा पार होने पर भी चेतावनी लगाने का प्रस्ताव सामने आया।
FSSAI के संशोधित प्रस्ताव में पैकेट के सामने सफेद चौकोर पृष्ठभूमि पर लाल हेक्सागोनल चेतावनी चिह्न लगाने की बात कही गई है। इसके लिए ICMR-राष्ट्रीय पोषण संस्थान की ओर से जारी Dietary Guidelines for Indians, 2024 को आधार बनाने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा, नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर अलग से ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ चेतावनी लगाने का भी प्रस्ताव है।
FSSAI ने नए नियम अधिसूचित होने के बाद 365 दिनों की स्वैच्छिक कार्यान्वयन अवधि देने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही ड्राफ्ट नियमों को तैयार कर अंतिम रूप देने के लिए लगभग चार महीने का समय मांगा है।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले को 10 सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। इस दौरान FSSAI को प्रस्तावित नए नियमों के मसौदे और उन्हें अंतिम रूप देने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी देते हुए हलफनामा दाखिल करना होगा।
इस फैसले को खाद्य पदार्थों की लेबलिंग में पारदर्शिता बढ़ाने और उपभोक्ताओं को बेहतर खाद्य विकल्प चुनने में मदद करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



