धामी कैबिनेट के महत्वपूर्ण फैसलें। पढ़ें….
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी और वन भूमि पर वर्षों से बसे लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार जहां अपने पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख रही है, वहीं अब कई अहम निर्णयों के जरिए विभिन्न वर्गों को साधने की कोशिश भी दिखाई दे रही है।
आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय अब 10 हजार रुपये
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अभी तक आशा कार्यकर्ताओं को 8300 रुपये प्रतिमाह मिलते थे, जो बढ़कर अब 10 हजार रुपये हो जाएंगे।
इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की बैंक गारंटी
पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने पर सहमति जताई है। इससे चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने में सुविधा मिलेगी। वहीं, मुख्यमंत्री ने खनन की बढ़ी हुई दरों पर रॉयल्टी नहीं बढ़ाने का भी ऐलान किया।
बापू ग्राम और बिंदुखत्ता के लोगों को मालिकाना हक की उम्मीद
बापू ग्राम, बिंदुखत्ता समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में वन भूमि पर वर्षों से बसे लोगों को मालिकाना हक दिलाने की दिशा में कैबिनेट ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व किए जाने संबंधी प्रस्ताव भारत सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में बसे लोगों की जमीनों को नियमित करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है।
मेडिकल कॉलेजों में पीजी छात्रों के लिए दो साल का बॉन्ड
राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए दो साल का बॉन्ड अनिवार्य किया गया है। इसके तहत पीजी कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को दो साल तक उत्तराखंड में सेवाएं देनी होंगी।
ESI फार्मासिस्ट भर्ती के नियमों में बदलाव
ईएसआई में फार्मासिस्ट के पदों पर सीधी भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता में संशोधन किया गया है। अब डी. फार्मा के साथ बी. फार्मा डिग्रीधारक अभ्यर्थी भी फार्मासिस्ट पद के लिए पात्र होंगे।
कैबिनेट के अन्य महत्वपूर्ण फैसले
- उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने को मंजूरी।
- सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी। इसमें संगठित कर्मकारों के साथ असंगठित कर्मकारों को भी शामिल किया गया।
- उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली में संशोधन को मंजूरी।
- उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति, 2026 के प्रख्यापन को मंजूरी।
- प्रदेश में निर्माण कार्यों के लिए इम्पैनल संस्थानों की सूची से NHIDCL को हटाया गया।
- सेतु आयोग के विभागीय ढांचे को मंजूरी।
- उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पदों समेत कुल 11 पदों के सृजन को मंजूरी।
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया।
- उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को मंजूरी।
- विधानसभा के मानसून सत्र के सत्रावसान को मंजूरी।
कैबिनेट के इन फैसलों में कर्मचारियों के मानदेय और रोजगार से लेकर स्वास्थ्य, पेयजल, चीनी उद्योग और भूमि संबंधी मामलों तक कई अहम मुद्दों को शामिल किया गया है।



