80 संस्थान, 1100 प्रतिभागी और 1500 छात्रों की रैली, देहरादून में फार्मेसी सप्ताह का समापन
देहरादून। भारतीय फार्मेसी परिषद (PCI), नई दिल्ली की ओर से उत्तराखंड में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।
बुधवार, 26 नवंबर को गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन कल्चर सेंटर में आयोजित कार्यक्रम का समापन हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम ‘स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) का मुकाबला’ रही। कार्यक्रम में प्रदेश के 80 फार्मेसी संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 1100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) के प्रति जागरूकता बढ़ाना और एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा।
समारोह में फार्मेसी के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कार्यरत फार्मासिस्टों, संस्थानों के प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया।
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने किया उद्घाटन
समारोह के उद्घाटन सत्र में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल, VMSBUTU देहरादून की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर और भारतीय फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम में PCI के उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी, केंद्रीय परिषद के सदस्य बलदेव कुमार, दिनेश कुमार मदान, प्रो. डॉ. विभु साहनी, डॉ. पद्म चरण बेहरा, डॉ. एम. वेंकट रमणा, उत्तराखंड राज्य फार्मेसी परिषद के रजिस्ट्रार के.एस. फर्शवान, श्री देव भूमि इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष श्रीनिवास नौटियाल और अल्पाइन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के उपाध्यक्ष ईशांत सैनी भी उपस्थित रहे।
1500 से अधिक छात्रों ने निकाली AMR जागरूकता रैली
राज्यस्तरीय समारोह से पहले उत्तराखंड में रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाया गया। इसके तहत 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित जागरूकता रैली में प्रदेशभर के 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक इस्तेमाल न करने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन करने का संदेश दिया गया।
छात्रों ने पोस्टर, साइ-टून और फार्मा क्विज में दिखाई प्रतिभा
समारोह के दौरान शैक्षणिक और जागरूकता गतिविधियों के तहत साइ-टून (Scitoon) प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति और फार्मा क्विज का आयोजन किया गया।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को रोगाणुरोधी प्रतिरोध से जुड़ी जनस्वास्थ्य चुनौतियों को रचनात्मक तरीके से समझने और जागरूकता संदेश प्रसारित करने का अवसर मिला।
इसके अलावा विशेषज्ञ व्याख्यान और पैनल चर्चा में एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग, दवाओं के जिम्मेदार वितरण और रोगियों को सही परामर्श देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध की रोकथाम में फार्मासिस्टों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दवाओं के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूकता बढ़ाकर इस चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
AMR के खिलाफ सामूहिक प्रयासों पर जोर
कार्यक्रम के समापन सत्र में तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले भारतीय फार्मेसी परिषद, सहभागी संस्थानों, अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और सहयोगी संगठनों का आभार जताया।
राष्ट्रव्यापी अभियान के माध्यम से AMR जागरूकता को बढ़ावा देने में PCI के उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी के योगदान की विशेष सराहना की गई।
कार्यक्रम के राज्य संयोजक एवं PCI केंद्रीय परिषद सदस्य डॉ. शिवानंद एम. पाटिल तथा राज्य समन्वयक प्रो. डॉ. कपिल कालरा ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में इस बात पर जोर दिया गया कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटना केवल स्वास्थ्य विभाग या चिकित्सा विशेषज्ञों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदारी से उपयोग, दवाओं का उचित प्रबंधन और जनभागीदारी ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए इन दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने में मददगार साबित हो सकती है।



