धामी के 10 हजार पर गोदियाल का वार, महिलाओं ने बताया फायदेमंद। हरीश रावत बोले- भाजपा वाले भी डेनिस का आनंद लें!
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। धामी सरकार की बैंणी-भुली योजना को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने हैं। सरकार जहां इसे महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला कदम बता रही है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता देने की घोषणा पर सवाल खड़े किए हैं। दूसरी ओर, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने योजना का स्वागत करते हुए इसे स्वरोजगार के लिए मददगार बताया है।
इस सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी अपने अंदाज में बीजेपी पर निशाना साधा है। गांव की गुनगुनी धूप में डेनिस के साथ गेठी का आनंद लेते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया और एक बार फिर डेनिस के बहाने भाजपा को चुटकी लेने का मौका दे दिया।
बैंणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मदद का लक्ष्य
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से बैंणी-भुली योजना की घोषणा की है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में दी जाएगी। पहली किस्त दिसंबर में जारी करने की तैयारी है।
सरकार का कहना है कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को इस आर्थिक सहायता से अपने कामकाज को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने योजना को महिलाओं के लिए गेमचेंजर बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं खेती, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि उन्हें आर्थिक सहायता के साथ आजीविका के बेहतर अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने, लखपति दीदी योजना, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।
गोदियाल का सवाल- पांच साल तक महिलाओं की याद क्यों नहीं आई?
बैंणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धामी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकारें जनता के विकास और कल्याण के लिए पांच साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती हैं, लेकिन धामी सरकार को मातृशक्ति की याद चुनाव से ठीक पहले आ रही है।
गोदियाल ने सवाल किया कि आखिर पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या किया? अब चुनाव नजदीक आते ही आर्थिक सहायता के नाम पर महिलाओं को लुभाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि जब गर्भवती महिलाओं को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है, तब सरकार की चिंता कहां चली जाती है?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार को लगता है कि महिलाओं के खातों में पांच या दस हजार रुपये डालकर चुनाव जीता जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर धामी सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो पांच साल तक हर महीने महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता क्यों नहीं दी गई?
कांग्रेस की सरकार बनी तो महिला सम्मान निधि का वादा
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस लगातार महिलाओं के अधिकारों और सम्मान का मुद्दा उठाती रही है।
यदि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनती है तो महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिला सम्मान निधि बनाई जाएगी। इसके माध्यम से प्रत्येक महिला को हर महीने आर्थिक मदद देने का प्रयास किया जाएगा।
गोदियाल ने बिहार का उदाहरण देते हुए आशंका जताई कि कहीं उत्तराखंड में भी चुनाव से पहले खातों में पैसा डालने और बाद में उसे वापस लेने जैसा कोई फार्मूला न अपना लिया जाए।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है, बल्कि वह अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना जानती है।
महिलाओं ने किया योजना का स्वागत, स्वरोजगार को मिलेगा सहारा
सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की राय भी सामने आई है। उत्तरकाशी के ग्राम सरनौल स्थित देवभूमि उत्तराखंड स्वयं सहायता समूह की रेनु सिंह ने योजना को सकारात्मक पहल बताया।
उनका कहना है कि महिलाओं के कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता फायदेमंद साबित हो सकती है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं, लेकिन हर अच्छी पहल को चुनावी लालच कहना उचित नहीं है।
मालदेवता और रायपुर क्षेत्र में सक्रिय करुणा महिला स्वयं सहायता समूह की कमला रावत ने भी योजना को महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अच्छा कदम बताया। उनके मुताबिक, आर्थिक सहायता से महिलाएं अपने कामकाज को आगे बढ़ा सकती हैं।
वहीं, हाल ही में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली छात्रा संध्या का मानना है कि इस तरह की मदद से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं छोटे कारोबार और स्टार्टअप शुरू कर सकती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से ठीक पहले योजना की घोषणा होने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उत्तरकाशी के नौगांव ब्लॉक के ग्राम सरनौल की संगीता सेमवाल ने भी योजना का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल उपलब्ध कराने और उत्पादों की मार्केटिंग में सरकारी सहयोग मिलने से महिलाओं को पहले भी लाभ हुआ है।
डेनिस के गिलास से हरीश रावत का बीजेपी पर तंज
बैंणी-भुली योजना को लेकर चल रही सियासी बहस के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर भाजपा पर अपने चिर-परिचित अंदाज में कटाक्ष किया है।
हरीश रावत इन दिनों विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। लगातार बैठकों और राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच उन्होंने अपने गांव मोहनरी से एक वीडियो साझा किया।
वीडियो में वह गुनगुनी धूप के बीच गेठी का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ उन्होंने डेनिस का जिक्र करते हुए भाजपा नेताओं को चुटकी लेने का मौका दे दिया।
हरीश रावत ने अपने पोस्ट में लिखा कि जाड़ों के दिनों में गांव में गुनगुनी धूप, चारों तरफ हरियाली और पहाड़ियों के बीच हिमालय के दर्शन का अलग ही आनंद है। ऐसे में उन्होंने सोचा कि क्यों न अपने गांव में सुबह की धूप के बीच डेनिस के साथ अपनी प्यारी गेठी का आनंद लिया जाए।
उन्होंने भाजपा नेताओं को संबोधित करते हुए लिखा कि उनके हाथ में डेनिस का गिलास है और वह गेठी के साथ डेनिस यानी चाय का आनंद ले रहे हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं को हिलटॉप, माल्टा और काफल जैसे ब्रांड का आनंद लेने की सलाह भी दे डाली।
पुराना डेनिस विवाद फिर आया चर्चा में
दरअसल, हरीश रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान डेनिस नाम का शराब ब्रांड उत्तराखंड में काफी चर्चा में रहा था। भाजपा ने उस समय इस मुद्दे को लेकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार को घेरा था। सरकार बदलने के बाद भी डेनिस की बिक्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी रही।
हरीश रावत कई बार भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कह चुके हैं कि जिस डेनिस को कांग्रेस सरकार के समय मुद्दा बनाया गया, वह भाजपा शासन में भी बिकती रही। अब एक बार फिर उन्होंने डेनिस का नाम लेकर भाजपा को घेरने की कोशिश की है।
दिसंबर की किस्त और 2027 का चुनाव, दोनों पर नजर
बैंणी-भुली योजना फिलहाल उत्तराखंड की राजनीति में महिला सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति के बीच बहस का विषय बन गई है। सरकार इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की पहल बता रही है, जबकि कांग्रेस इसे चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने की कवायद करार दे रही है।
दूसरी ओर, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उम्मीद है कि आर्थिक सहायता से उनके कारोबार और आजीविका को मजबूती मिलेगी। अब दिसंबर में जारी होने वाली पहली किस्त पर सबकी नजर रहेगी।
साथ ही यह भी देखना दिलचस्प होगा कि महिला सम्मान और आर्थिक सहायता का यह मुद्दा 2027 के विधानसभा चुनाव में किस तरह सियासी असर दिखाता है।



