बिग ब्रेकिंग: हाईकोर्ट के तीन बड़े मामले! चरस केस में महिला बरी, संतों की गिरफ्तारी पर रोक, हरीश धामी का मुकदमा निरस्त

हाईकोर्ट के तीन बड़े मामले! चरस केस में महिला बरी, संतों की गिरफ्तारी पर रोक, हरीश धामी का मुकदमा निरस्त

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने सोमवार को तीन अलग-अलग मामलों में अहम फैसले सुनाते हुए कई लोगों को बड़ी राहत दी। 1.440 किलो चरस बरामदगी के मामले में अदालत ने निचली अदालत से मिली महिला की 20 साल की सश्रम कैद की सजा रद्द करते हुए उसे बरी कर दिया।

वहीं, हरिद्वार के श्रीराम मंदिर भूपतवाला की संपत्ति और सोसाइटी के नवीनीकरण से जुड़े विवाद में महंत रेवती रमण दास समेत अन्य संतों की गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। इसके अलावा जौलजीबी मेला प्रकरण में कांग्रेस विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को भी गिरफ्तारी से राहत मिली है।

धारा 50 का उल्लंघन, 20 साल की सजा रद्द कर महिला को किया बरी

चरस बरामदगी के मामले में न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ शाह की खंडपीठ ने अनुष्का बुधाथोकी को बरी करने का आदेश दिया।

अभियोजन के अनुसार, 7 अप्रैल 2021 को भारत-नेपाल सीमा पर धारचूला पुल के पास तैनात एसएसबी कर्मियों ने एक महिला को रोका था। तलाशी के दौरान उसके शरीर पर बंधी चरस की पट्टियां बरामद हुई थीं, जिनका कुल वजन 1.440 किलो था।

इस मामले में पिथौरागढ़ के विशेष सत्र न्यायाधीश (एनडीपीएस) ने अगस्त 2023 में महिला को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c) के तहत 20 साल की सश्रम कैद और 1.5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुर्माना अदा नहीं करने पर पांच साल की अतिरिक्त कैद का प्रावधान भी किया गया था।

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आया कि तलाशी लेने वाली टीम को कार्रवाई से पहले ही महिला के पास चरस होने की जानकारी थी।

इसके बावजूद उसे मजिस्ट्रेट या राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी कराने का विकल्प नहीं दिया गया। अदालत ने इसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 का पूर्ण उल्लंघन माना।

खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के विजय सिंह चंदूभा जडेजा बनाम गुजरात राज्य (2011) के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि धारा 50 के प्रावधानों का पालन अनिवार्य है।

पहले से सूचना होने के बावजूद इस कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, इसलिए बरामदगी और उसके आधार पर दी गई सजा कायम नहीं रह सकती।

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अमित कापड़ी ने गिरफ्तारी और एफआईआर दर्ज होने के बीच देरी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि गिरफ्तारी दोपहर 1:10 बजे हुई, जबकि थाना घटनास्थल से महज 200 मीटर दूर होने के बावजूद एफआईआर शाम 4:45 बजे दर्ज की गई और इस देरी का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।

अदालत ने बचाव पक्ष की एक अन्य दलील को कमजोर माना, लेकिन धारा 50 के उल्लंघन को सजा रद्द करने का पर्याप्त आधार पाया। कोर्ट ने आदेश दिया कि महिला किसी अन्य मामले में वांछित न हो तो उसे निजी मुचलके और दो जमानतों पर तत्काल रिहा किया जाए।

श्रीराम मंदिर भूपतवाला विवाद में संतों को अंतरिम राहत

दूसरे मामले में हाईकोर्ट ने हरिद्वार के भूपतवाला स्थित श्रीराम मंदिर की संपत्ति और सोसाइटी के नवीनीकरण से जुड़े विवाद में महंत रेवती रमण दास चेला महंत चेत राम सरन समेत अन्य संतों को राहत दी है।

अदालत ने अगली सुनवाई तक उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 22 फरवरी को निर्धारित की गई है।

हरिद्वार कोतवाली में 8 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 12 अगस्त 1980 को पंजीकृत एक सोसाइटी के पक्ष में वर्ष 1981 में फर्जी दस्तावेज तैयार कर श्रीराम मंदिर भूपतवाला की संपत्ति हस्तांतरित की गई।

याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि सोसाइटी के मूल पंजीकरण के समय वे शामिल नहीं थे। उनका कहना था कि सोसाइटी के पंजीकरण और नवीनीकरण से संबंधित विवाद सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 की धारा 3-बी के तहत राज्य सरकार के समक्ष उठाया जा सकता है।

वहीं, राज्य और शिकायतकर्ता पक्ष ने अदालत को बताया कि वर्ष 1996 में पांच साल के लिए सोसाइटी का नवीनीकरण हुआ था। इसके बाद अवधि समाप्त होने पर नवीनीकरण नहीं कराया गया और बाद में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रक्रिया पूरी की गई।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और दस्तावेजों पर विचार करने के बाद अदालत ने प्रथम दृष्टया माना कि विवाद मुख्य रूप से सोसाइटी के नवीनीकरण और मंदिर की संपत्ति के अधिकार व कब्जे से जुड़ा दीवानी विवाद प्रतीत होता है।

अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि सोसाइटी के पंजीकरण के 46 वर्ष से अधिक समय बाद एफआईआर दर्ज की गई है और इस तरह के विवाद को राज्य सरकार के समक्ष उचित कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से उठाया जा सकता है। इसके बाद अदालत ने मामले के लंबित रहने तक याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।

जौलजीबी मेला प्रकरण: कांग्रेस विधायक हरीश धामी को राहत

तीसरे मामले में हाईकोर्ट ने पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में हुए हंगामे और मंच पर कथित तोड़फोड़ के मामले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को राहत दी है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने दोनों की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया।

याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में दलील दी गई कि पुलिस ने 15 नवंबर को उनके और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में सात साल से कम सजा वाले अपराधों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 35 के तहत नोटिस दिए बिना चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

ऐसे में उन्हें भी गिरफ्तारी की आशंका थी। याचिकाकर्ताओं ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने के साथ ही मुकदमा निरस्त करने की मांग की थी।

बचाव पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि सात साल से कम सजा वाले मामलों में गिरफ्तारी से पहले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है।

वहीं, सरकारी पक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया गया और मंच के पोडियम में तोड़फोड़ कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

मामले की पृष्ठभूमि 14 नवंबर की है, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक हरीश धामी भी मौजूद थे।

उनका आरोप था कि उन्हें मंच से बोलने का अवसर नहीं दिया गया और जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने माइक फेंक दिया और मंच पर हंगामा हुआ।

इसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। 18 नवंबर को इस मामले में चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। अब हाईकोर्ट ने हरीश धामी और मनोहर टोलिया की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया है।

तीनों मामलों में हाईकोर्ट के फैसलों ने एक बार फिर कानूनी प्रक्रिया, जांच के तरीके और नागरिकों के अधिकारों के पालन को लेकर अहम सवाल सामने रखे हैं।