उत्तराखंड में एक के बाद एक बड़ी घटनाएं! एक क्लिक में आप भी पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में हादसों, आपराधिक घटनाओं और वन्यजीवों के बढ़ते हमलों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रुद्रप्रयाग में बारात का वाहन खाई में गिरने से जान गंवाने वाले तीन लोगों का सोमवार को एक साथ अंतिम संस्कार किया गया तो पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में घास लेने गई महिला को गुलदार ने मार डाला।
वहीं, अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक नया विवाद सामने आया है। अंकिता के माता-पिता ने उनकी निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने के आरोप में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
दूसरी ओर, देहरादून में किसान नेता के परिवार ने घर के बाहर फायरिंग और गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उधर, कोटद्वार में चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर बुलेट खरीदने वाला आरोपी गोवा से गिरफ्तार किया गया है।
रुद्रप्रयाग में एक साथ जलीं तीन चिताएं, देवरानी-जेठानी की मौत से परिवार में मातम
रुद्रप्रयाग के सिलगढ़ क्षेत्र में कुरछोला स्थित अर्जुन बैंड के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जनपद को झकझोर दिया है। रविवार को बारात का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
सोमवार को सूर्यप्रयाग घाट पर तीनों मृतकों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ जलती तीन चिताओं को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि एक ही परिवार की दो बहुएं सुनीता देवी और बसंती देवी की भी इस दुर्घटना में जान चली गई। देवरानी और जेठानी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वाहन में कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में वाहन चालक समेत दो महिलाओं की मौके पर मौत हुई थी, जबकि अन्य लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति लापता बताया गया था।
इस हादसे के बाद सड़क की बदहाल स्थिति और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा ने अर्जुन बैंड के समीप सड़क की खराब स्थिति, तीव्र ढलान और क्रॉस बैरियर के अभाव को दुर्घटना की आशंका बढ़ाने वाला बताया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से यहां सुरक्षा इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस नेता अर्जुन गहरवार ने भी हादसे की मजिस्ट्रियल जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों के साथ यह भी जांच होनी चाहिए कि संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि जिन संपर्क मार्गों पर क्रॉस बैरियर आवश्यक हैं, वहां संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
अंकिता भंडारी केस: निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य के खिलाफ तहरीर
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की ओर से 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकिता से जुड़ी कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद गहरा गया है।
अंकिता के माता-पिता ने इन चैट को गलत बताते हुए आरोप लगाया है कि उनकी मृत बेटी का चरित्रहनन करने और उसे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी मामले में रविवार देर शाम वे समाजसेवी योगिता भयाना के साथ देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे और विनोद आर्य तथा प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ मौजूद वकील के खिलाफ तहरीर दी।
परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक कर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
योगिता भयाना ने भी संबंधित वकील के खिलाफ कार्रवाई करने और उसका बार लाइसेंस रद्द करने की मांग उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता एफआईआर दर्ज कराने के लिए भटक रहे हैं।
थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट के मुताबिक, 22 नवंबर की रात अंकिता के माता-पिता की ओर से तहरीर दी गई थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। तहरीर को राजपुर पुलिस ने पौड़ी स्थानांतरित किया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में ऋषिकेश के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी।
मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर को निचली अदालत से सजा हो चुकी है। अब कथित चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद मामला एक बार फिर विवादों में है।
कोटद्वार में गुलदार ने महिला को बनाया शिकार, ग्रामीणों का सड़क पर प्रदर्शन
पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार क्षेत्र में सोमवार को गुलदार के हमले में कविता कोठियाल नाम की महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, कविता कोठियाल सोमवार दोपहर करीब 12 बजे घर के पास जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीव हमलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की मांग पर गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने के आदेश जारी करवाए गए। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क से शव हटाया।
घटनास्थल पर इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर घटना की आड़ में राजनीति करने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर वन्यजीवों से ग्रामीणों की सुरक्षा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
किसान नेता के घर के बाहर फायरिंग और गाड़ी में तोड़फोड़ का आरोप, SSP से शिकायत
राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र के ओगल भट्टा, टर्नर रोड में किसान नेता के परिवार ने घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ और फायरिंग का आरोप लगाया है। सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीरज शर्मा उर्फ बिट्टू ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठाए।
नीरज शर्मा भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के पुत्र हैं। उनके मुताबिक, 13-14 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 1:30 से 2 बजे के बीच कुछ युवक हुड पहनकर उनके घर के बाहर पहुंचे।
आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों, पत्थरों और हथियारों से हमला कर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। उन्होंने फायरिंग किए जाने का भी दावा किया है।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया था, लेकिन 15 नवंबर को उन्हें छोड़ दिया गया। उनका आरोप है कि मुकदमे में केवल बीएनएस की धारा 324(4) और 352 लगाई गईं, जबकि फायरिंग और जानलेवा हमले के पहलुओं की गंभीरता से जांच नहीं की गई।
नीरज शर्मा ने दावा किया कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज, फायरिंग की ऑडियो रिकॉर्डिंग और क्षतिग्रस्त वाहन की तस्वीरें मौजूद हैं। उन्होंने एसएसपी देहरादून को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच, गंभीर धाराएं जोड़ने, नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी की मांग की है।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन समेत कई किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार को समर्थन दिया। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संयुक्त रूप से आंदोलन किया जाएगा।
चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर खरीदी बुलेट, गोवा से गिरफ्तार हुआ आरोपी
कोटद्वार में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद ज्वैलरी गिरवी रखकर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पौड़ी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गोवा से गिरफ्तार किया है।
मामला कोटद्वार निवासी तपस्या रावत के घर हुई चोरी से जुड़ा है। उन्होंने नौ नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच नवंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर ज्वैलरी चोरी कर ली थी।
मामले में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने पुलिस की विशेष टीम गठित की थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर आरोपी की पहचान रोहित पुत्र जयपाल निवासी कोटद्वार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की ज्वैलरी को कोटद्वार स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर करीब 90 हजार रुपये का ऋण लेने की बात स्वीकार की। इसी रकम से उसने धनतेरस पर बुलेट मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई और बाद में गोवा चला गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की नोज रिंग बरामद की। इसके अलावा चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर प्राप्त रकम से फाइनेंस कराई गई बुलेट मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
गोवा से गिरफ्तार किए जाने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोटद्वार लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा, उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, कांस्टेबल चंद्रपाल, आशीष बिष्ट और सीआईयू के कांस्टेबल अवनीश शामिल रहे।
इन घटनाओं ने एक बार फिर उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा, वन्यजीवों से ग्रामीणों की सुरक्षा, आपराधिक मामलों की निष्पक्ष जांच और पुलिस की जवाबदेही जैसे मुद्दों को केंद्र में ला दिया है। अब इन सभी मामलों में प्रशासन और संबंधित विभागों की अगली कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।



