प्रांजल दाहिया के गानों पर झूमे छात्र-छात्राएं, UNWH में धूमधाम से मना ‘आगाज-26’
देहरादून। द’ यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ वेस्ट हिमालयाज (यूएनडब्ल्यूएच), देहरादून में 31 अक्टूबर को ‘आगाज-26’ फ्रेशर्स पार्टी एवं दीपावली महोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, शानदार रैंप वॉक और सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाइट से सजे इस समारोह में हरियाणवी कलाकार प्रांजल दाहिया ने अपनी प्रस्तुति से चार चांद लगा दिए। उनके लोकप्रिय गानों पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं जमकर थिरके।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र, ट्रस्टी एवं प्रबंध निदेशक नितेश कुमार, निदेशक एवं उपाध्यक्ष आशीष दाहिया, सचिव हर्षवर्धन और कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मंत्रोच्चार भी हुआ।
अतिथियों ने सेलिब्रिटी कलाकार प्रांजल दाहिया को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व विधायक पवन सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय मित्तल ने स्वागत संबोधन में कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिवार से जोड़ने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि ‘आगाज-26’ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, सहयोग और उत्साह को प्रदर्शित करने का मंच है। उन्होंने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जोश और आत्मविश्वास का संचार किया।
समारोह के पहले चरण में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भारतीय कला और संस्कृति की झलक पेश की। गणेश वंदना, दुर्गा वंदना पर शास्त्रीय नृत्य के साथ उत्तराखंडी लोकनृत्य और हरियाणवी-बॉलीवुड मिक्स डांस की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विश्वविद्यालय की शिक्षिकाओं मीनाक्षी घिल्डियाल और अदिति रावत ने भी बॉलीवुड डांस प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा विद्यार्थियों ने शानदार रैंप वॉक के जरिए अपने आत्मविश्वास और हुनर का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई। बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र आर्यन को मिस्टर फ्रेशर और बीए एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा अनन्या को मिस फ्रेशर चुना गया। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से विजेताओं को क्राउन और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण सेलिब्रिटी म्यूजिकल नाइट रही। हरियाणवी कलाकार प्रांजल दाहिया ने ‘52 गज का दामन’, ‘हो मेरो बालम थानेदार चलावे जिप्सी’ और ‘उड़ा यो कबूतर’ जैसे लोकप्रिय गानों पर शानदार प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर छात्र-छात्राएं जमकर झूमे और पूरा विश्वविद्यालय परिसर संगीत और उत्साह से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर प्राप्त किया।
समारोह का समापन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने आयोजन की सफलता का श्रेय पूरे यूएनडब्ल्यूएच परिवार को देते हुए विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सफर और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के इंडस्ट्री पार्टनर्स टाटा स्टील, पैनासोनिक, भारत एक्सप्रेस, बारबेक्यू, आईबीएम, टेक फ्लो आईटी सॉल्यूशंस और एसपीएम लाइफ साइंसेज सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में विश्वविद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी घिल्डियाल, अदिति रावत और डॉ. रजनीश ने किया।



